नई दिल्ली: ईरान के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर को आगे बढ़ा दिया है। इस बीच, भारत और ईरान के बीच कुछ उड़ाने शुरू हुई हैं। हालांकि, भारत सरकार ने 23 अप्रैल को एडवाइजरी जारी कर ईरान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। ऐसे में अगर आप ईरान जाने की सोच रहे हैं, तो फिलहाल अपना इरादा बदल दें।
सरकार ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चाहे हवाई जहाज हो या सड़क मार्ग, किसी भी तरह से ईरान न जाएं। हालांकि, भारत और ईरान के बीच कुछ उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं, लेकिन सरकार का मानना है कि वहां जाना अभी सुरक्षित नहीं है।
ईरान न जाने की 3 बड़ी वजहें-
- इलाके में जारी तनाव की वजह से उड़ानों पर कभी भी रोक लग सकती है।
- युद्ध जैसे हालातों के कारण कई जगहों पर आसमान में उड़ानों के लिए पाबंदियां लगी हुई हैं।
- अगर अचानक हालात बिगड़ते हैं, तो भारतीय नागरिक वहां फंस सकते हैं और वापस आना मुश्किल हो सकता है।
जो लोग पहले से ईरान में हैं, उनके लिए निर्देश-
भारत सरकार ने उन लोगों को भी संदेश भेजा है जो इस समय ईरान में रह रहे हैं। सरकार ने कहा है, आप जल्द से जल्द ईरान छोड़कर वापस आ जाएं। देश छोड़ने के लिए दूतावास की मदद लें। केवल उन्हीं रास्तों का इस्तेमाल करें जो दूतावास द्वारा सुरक्षित बताए गए हों।
नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने आपातकालीन संपर्क नंबर और संचार चैनल शेयर किए हैं। ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन मोबाइल नंबरों +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 पर संपर्क कर सकते हैं।
दरअसल, अमेरिका और ईरान में जारी टकराव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक ईरान के साथ सीजफायर को बिना किसी तय समय सीमा के बढ़ाने का ऐलान कर दिया। इससे युद्ध फिर शुरू होने का खतरा टल गया है। सीजफायर का ऐलान करते हुए ट्रंप ने कहा कि सीजफायर तब तक बढ़ा रहेगा, जब तक ईरान अपना प्रस्ताव पेश नहीं कर देता और दोनों पक्षों के बीच चर्चा पूरी नहीं हो जाती।
ये भी पढ़ें-
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सऊदी अरब, कतर और UAE के साथ हुए सुरक्षा समझौतों की दी जानकारी, जानें क्या बताया
'ईरान की बोट्स को देखते ही गोली मार दो', डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज में तनाव के बीच दिया बड़ा आदेश
Latest World News