1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'ईरान की बोट्स को देखते ही गोली मार दो', डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज में तनाव के बीच दिया बड़ा आदेश

'ईरान की बोट्स को देखते ही गोली मार दो', डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज में तनाव के बीच दिया बड़ा आदेश

 Published : Apr 23, 2026 07:02 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 07:04 pm IST

डोनाल्ड ट्रंप ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में ईरान की नावों को देखते ही कार्रवाई का आदेश दिया है, जिससे तनाव बढ़ गया है। उन्होंने ईरान पर सुरंग बिछाने और क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया।

अमेरिका के राष्ट्रपति...- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

दुबई: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से बढ़ते तनाव के बीच बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए अमेरिकी सेना को आदेश दिया है कि 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी ईरानी छोटी नाव को 'देखते ही मार गिराया जाए।' ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, 'मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि जो भी नाव, चाहे वह छोटी ही क्यों न हो, होर्मुज जलडमरूमध्य के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाती नजर आए, उसे तुरंत निशाना बनाया जाए। इसमें किसी तरह की हिचक नहीं होनी चाहिए।'

'समुद्र से बारूदी सुरंगे हटाई जा रही हैं'

ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिकी नौसेना इस अहम समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगों को हटाने का काम कर रही है और इस अभियान को तीन गुना तेज करने का आदेश दिया गया है। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में यहां बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन गया है। पिछले कुछ हफ्तों से अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का एक बड़ा कारण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ना भी रहा है।

ट्रंप ने किया था एक और बड़ा दावा

इसी बीच, ट्रंप ने एक अन्य बयान में कहा कि ईरान ने उनकी अपील का सम्मान किया है और कुछ महिला प्रदर्शनकारियों को रिहा करने का फैसला लिया है। ट्रंप ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि 4 महिलाओं को 'तुरंत रिहा' किया जाएगा, जबकि अन्य 4 को एक-एक महीने की सजा दी जाएगी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, 'मैं इसकी सराहना करता हूं कि ईरान और उसके नेताओं ने मेरी अपील का सम्मान किया और प्रस्तावित फांसी को रोक दिया।' ट्रंप के मुताबिक, इन महिलाओं को बुधवार को फांसी दी जानी थी।

ईरान ने ट्रंप के दावे को किया था खारिज

हालांकि, मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि इन महिलाओं में से 2 को मार्च में ही जमानत पर रिहा कर दिया गया था, जबकि बाकी 2 पर ऐसे आरोप हैं जिनमें मौत की सजा हो सकती है। इन सभी को जनवरी में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किया गया था। ट्रंप ने मंगलवार को इन महिलाओं की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें 2 किशोर लड़कियां भी शामिल थीं। यह तस्वीर एक रूढ़िवादी कार्यकर्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर पोस्ट की गई थी, जिसमें बताया गया था कि ये महिलाएं ईरान में मुकदमे का सामना कर रही हैं। वहीं, ईरान ने ट्रंप के दावे के पूरी तरह खारिज कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश