1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सऊदी अरब में हूती हमलों के खतरे के बीच भारतीय दूतावास अलर्ट, नागरिकों को घरों में रहने और सुरक्षा निर्देश मानने की सलाह

सऊदी अरब में हूती हमलों के खतरे के बीच भारतीय दूतावास अलर्ट, नागरिकों को घरों में रहने और सुरक्षा निर्देश मानने की सलाह

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 18, 2026 02:01 pm IST,  Updated : Oct 18, 2026 02:09 pm IST

रियाद में स्थित भारतीय दूतावास ने लोगों से सऊदी अधिकारियों की आपात चेतावनियों पर ध्यान देने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और खतरा टलने तक घरों या इमारतों के भीतर सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

हूती विद्रोहियों पर अमेरिकी सेना ने दागी मिसाइलें- India TV Hindi
हूती विद्रोहियों पर अमेरिकी सेना ने दागी मिसाइलें Image Source : AP

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास अलर्ट हो गया है। भारतीय दूतावास ने रविवार को भारतीय नागरिकों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वे सऊदी अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय आपातकालीन पूर्व चेतावनी मंच के माध्यम से आपात चेतावनी मिलने पर जारी किए गए अद्यतन निर्देशों पर ध्यान दें और उनका पालन करें। 

सबसे सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा किए गए इन निर्देशों में लोगों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और तुरंत किसी इमारत के अंदर सबसे सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि खतरा टलने तक बेहतर होगा कि वे हमले की स्थिति में खिड़कियों से दूर किसी अंदरूनी कमरे में ही रहें। 

अपने घरों या इमारतों से बाहर न निकलें

लोगों को सलाह दी गई है कि खतरा टलने तक वे अपने घरों या इमारतों से बाहर नहीं निकलें। उन्हें खुली जगहों, खिड़कियों और कांच से दूर रहने तथा बालकनी या छत पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। जो लोग बाहर हैं उनसे कहा गया है कि वे किसी नजदीकी इमारत में चले जाएं या किसी मजबूत दीवार की ओट में शरण लें। 

तस्वीरें नहीं लेने की भी सलाह

इन निर्देशों में लोगों को भीड़-भाड़ वाली और खतरनाक जगहों से दूर रहने तथा तस्वीरें नहीं लेने की भी सलाह दी गई है। वाहन चलाते समय चेतावनी मिलने पर लोगों को पुलों और ऊंची इमारतों से दूर सड़क किनारे वाहन रोकने को कहा गया है। 

आपातकालीन नंबर पर करें कॉल

निर्देशों में कहा गया है कि मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में किसी भी खतरे या आपात स्थिति में लोग आपातकालीन नंबर 911 पर फोन कर सकते हैं, जबकि सऊदी अरब के बाकी हिस्सों में वे 998 पर कॉल कर सकते हैं। 

जारी निर्देशों का करें पालन

लोगों से यह भी कहा गया है कि वे संबंधित अधिकारियों द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी किए गए निर्देशों का पालन करें। ये निर्देश ऐसे समय में आए हैं, जब यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए जाने वाले ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण सुरक्षा को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। 

पिछले दिनों एक भारतीय नागरिक की मौत

इनमें 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ घातक हमला भी शामिल है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इसके बाद भारतीय दूतावास ने अपनी सुरक्षा सलाह को फिर से दोहराया है। दूतावास की यह ताजा सलाह 10 अक्टूबर के हमले के तुरंत बाद भारतीय नागरिकों से की गई उस अपील के बाद आई है, जिसमें उनसे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने, हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर रहने और जारी घटनाओं से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने या साझा करने से बचने के लिए कहा गया था। 

ये भी पढ़ें: 

डोनाल्ड ट्रंप का दावा, ईरान के साथ युद्ध बहुत जल्द होगा खत्म, बोले- अमेरिकी नागरिकों को मिलेगी सस्ते पेट्रोल की सौगात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।