सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जिसके बाद मरने वाले लोगों की आंकड़ा 13 हो गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है। दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय नागरिक की मौत की जानकारी दी। दूतावास ने अपने संदेश में कहा, "हम मृतक के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर की शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।" फिलहाल, मृतक की पहचान और हमले से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
300 से ज्यादा घायल, जिसमें से 1 भारतीय की मौत
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी, एक फिलिस्तीनी, एक अमेरिकी, एक मिस्र का नागरिक, एक जॉर्डन का नागरिक, एक सीरियाई और एक सूडानी नागरिक शामिल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई थी, जिनमें से आज एक भारतीय की मौत हो गई।
घरेलू टर्मिनल के पास गिरी थी मिसाइल
एक क्षेत्रीय अधिकारी के मुताबिक, शनिवार को हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई मिसाइल एयरपोर्ट के उस परिसर में गिरी, जहां घरेलू उड़ानों के टर्मिनल 3 और 4 स्थित हैं। इससे बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। रियाद एयरपोर्ट को इससे पहले भी निशाना बनाया जा चुका है।
सऊदी क्राउन प्रिंस से करेंगे बात ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि वह सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात करेंगे। सऊदी अरब इस संकट से निपटने के लिए दूसरे देशों से मदद मांग रहा है। खबरों के मुताबिक, सऊदी अरब ने मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने वाली रक्षा प्रणाली के लिए फ्रांस, ब्रिटेन, पाकिस्तान और मिस्र से मदद मांगी है। लगातार हमलों के कारण सऊदी अरब के मिसाइल रक्षा संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। अगर अमेरिका हूतियों के खिलाफ युद्ध में शामिल होता है, तो संघर्ष और बढ़ सकता है। इससे लाल सागर के रास्ते जहाजों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।
हूती विद्रोहियों ने रविवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब के दम्माम शहर में किंग फहद एयरपोर्ट और देश के पूर्वी हिस्से में तेल और गैस से जुड़े ठिकानों पर भी हमले किए हैं। हूतियों ने एयरलाइंस, कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी अरब के एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने से बचने की चेतावनी दी है। हालांकि, उन्होंने मक्का और मदीना के एयरपोर्ट को हमलों से अलग रखने की बात कही है। हमलों के खतरे को देखते हुए कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने कुछ समय के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं।
ये भी पढ़ें-
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- "रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच हुआ एनर्जी सीजफायर, दोनों पक्ष सहमत"
जिबूती में नाव पलटने से 109 प्रवासियों की मौत, 15 बच्चे भी डूबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी