1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फ्लाइट में चाकूबाजी पर नेतन्याहू ने दी जानकारी, बोले,'को-पायलट ने विमान क्रैश करने की कोशिश की'

फ्लाइट में चाकूबाजी पर नेतन्याहू ने दी जानकारी, बोले,'को-पायलट ने विमान क्रैश करने की कोशिश की'

बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि को पायलट विमान को क्रैश कराना चाहता था। पायलट के साहस और यात्रियों की सूझबूझ से इस खतरनाक हालात पर काबू पाया जा सका।

Benjamin netanyahu- India TV Hindi
Image Source : AP बेंजामिन नेतन्याहू

तेल अवीव: दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी साजिश थी। को-पायलट विमान को क्रैश कराना चाहता था। उसने पायलट पर चाकू से हमला किया। विमान मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। सऊदी अधिकारियों ने उड़ान के एक पायलट को हिरासत में लिया है।

दरअसल, यह घटना फ्लाईदुबई की उड़ान FZ 1073 में हुई, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई से इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी। विमान में दर्जनों इजरायली यात्री सवार थे। उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान करीब 33,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। अचानक लगभग एक मिनट के भीतर विमान 33,000 फीट से गिरकर करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर आ गया। इसके बाद विमान ने जॉर्डन की सीमा के पास एक असामान्य सा चक्कर लगाया और करीब एक घंटे बाद सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतर गया। विमान की यह गतिविधि ही अपने आप में संदिग्ध लगी।

कॉकपिट में घुसकर यात्रियों ने संभाला विमान

इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बताया कि जब विमान के अचानक नीचे जा रहा था उसी दौरान एक यात्री और एक क्रू मेंबर ने कॉकपिट में प्रवेश किया। उनके मुताबिक दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हो रही थी। यात्री और क्रू मेंबर ने हालात को संभालने में मदद की और इसके बाद क्रू मेंबर्स के अन्य सदस्यों ने विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लिया। नेतन्याहू ने यात्रियों और क्रू मेंबर्स की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया और एक बड़े हादसे को टालने में मदद की।

वहीं इस घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच भी दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अंदर दो लोगों को फर्श पर देखा जा सकता है, जिनके शरीर पर चोट और खून के निशान दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग घायलों को फर्स्ट एड देते नजर आए, जबकि अन्य लोग कॉकपिट के पास निगरानी करते दिखाई दिए।

दोनों पायलट घायल, अस्पताल में भर्ती

तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक विमान के कप्तान और फर्स्ट ऑफिसर दोनों घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। विमान में सवार यात्रियों को भी स्थानीय अधिकारियों की ओर से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

तबुक एयरपोर्ट के मुताबिक विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8:44 बजे इमरजेंसी संदेश भेजा था और सुबह 9:45 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही उसकी उड़ान FZ 1073 में एक घटना हुई और विमान को तबुक में उतारा गया। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं।

हाईजैक की आशंका पर इजरायल ने भेजे लड़ाकू विमान

उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई में बड़े पैमाने पर आसामान्य बदलाव के बाद इजरायल ने सुरक्षा कारणों से अपने फाइटर विमानों को एक्टिव कर दिया। शुरुआती दौर में यह आशंका पैदा हुई कि विमान को हाईजैक कर लिया गया है। हालांकि, घटना की जांच जारी है और हमले के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

यात्रियों ने बताया कि उन्होंने विमान के आगे के हिस्से से चीखने और मदद के लिए पुकारने की आवाजें सुनीं। कुछ यात्रियों के मुताबिक, इसके बाद विमान अचानक नीचे जाने लगा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक यात्री की मां यास्मिन अबुकासिस ने बताया कि उनकी बेटी ने फोन पर कहा कि उसने किसी को मदद के लिए चिल्लाते सुना था। बाद में उसे पता चला कि पायलटों के बीच हाथापाई हुई थी और कुछ लोगों ने हमलावर को काबू करने की कोशिश की।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों पायलटों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ, चाकू से हमला कैसे हुआ और विमान के अचानक हजारों फीट नीचे आने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं। सऊदी अधिकारियों द्वारा एक पायलट को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि भी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। (AP)

ये भी पढ़ें:
दुबई-इजरायल फ्लाइट में लड़ बैठे दो पायलट, हाईजैक की सूचना पर भेजने पड़े फाइटर जेट्स; पीएम ने की इमरजेंसी मीटिंग

Latest World News