1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'हमने 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया', ग्वादर में कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA का बड़ा हमला

'हमने 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया', ग्वादर में कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA का बड़ा हमला

बलूचिस्तान के ग्वादर जिले के जिवानी स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA ने बड़े हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने आत्मघाती विस्फोट और समन्वित हमले में 30 से अधिक जवानों के मारे जाने का दावा किया। हालांकि, पाकिस्तान सेना ने अभी तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

BLA attack Pakistan, Gwadar Coast Guard attack, Baloch Liberation Army- India TV Hindi
Image Source : HAKKAL BLA ने हमले में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने का दावा किया है।

ग्वादर: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले में स्थित जिवानी के पनवान इलाके में मौजूद पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर शुक्रवार शाम बड़ा हमला हुआ। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी यानी कि BLA ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के 30 से ज्यादा जवान मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

'किलेनुमा कैंप में घुसा दिया माजदा ट्रक'

'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, BLA ने बताया कि यह 'फिदायी' या आत्मघाती हमला उसके विशेष दस्ते मजीद ब्रिगेड ने किया। संगठन के मुताबिक, हमलावर अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे विस्फोटकों से भरे एक माजदा ट्रक को सीधे कोस्ट गार्ड के किलेनुमा कैंप में घुसा दिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने अपने बयान में कहा,

'इस शक्तिशाली विस्फोट के कारण कोस्ट गार्ड का किले जैसा बना कैंप पूरी तरह मलबे में बदल गया।'

'लड़ाकू दस्ते ने चारों से किया कैंप पर हमला'

संगठन के मीडिया विंग हक्काल ने 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप के अंदर प्रवेश करता दिखाई देता है और थोड़ी ही देर बाद जबरदस्त विस्फोट होता है। इसके बाद जारी किए गए अन्य वीडियो में कैंप का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह नजर आने का दावा किया गया है। BLA के मुताबिक, ट्रक में हुए विस्फोट के तुरंत बाद उसके विशेष लड़ाकू दस्ते फतेह स्क्वाड ने चारों ओर से कैंप पर समन्वित हमला कर दिया।

'मारे गए 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवान'

संगठन के बयान में कहा गया, 'हमले के तुरंत बाद हमारी अग्रिम इकाई फतेह स्क्वाड ने तेजी और संगठित तरीके से आगे बढ़ते हुए चारों दिशाओं से तबाह हो चुके कैंप पर हमला कर दिया।' BLA का दावा है कि फतेह स्क्वाड के लड़ाकों ने बच गए कोस्ट गार्ड कर्मियों के साथ नजदीक से लड़ाई की और इस जॉइंट ऑपरेशन में 30 से अधिक जवानों को मार गिराया गया। प्रवक्ता जीयंद बलोच ने आगे कहा,

'घायलों की गंभीर स्थिति और मलबे के नीचे दबे कर्मियों को देखते हुए मृतकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।'

पाकिस्तान की सेना ने हमले पर कुछ नहीं कहा

संगठन ने कहा कि वह इस पूरे अभियान का विस्तृत विवरण जल्द ही अपने आधिकारिक माध्यमों से जारी करेगा। BLA ने यह भी दावा किया कि 'बलूचिस्तान की पूरी आजादी' हासिल होने तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उसका सशस्त्र अभियान इसी तीव्रता के साथ जारी रहेगा। हालांकि, पाकिस्तान की सेना और सरकारी अधिकारियों ने अभी तक इस हमले में हुई मौतों, घायलों की संख्या या नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में BLA द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें:

BLA लड़ाकों के सामने घुटनों पर बैठकर पाकिस्तानी सेना ने किया सरेंडर, मुनीर-शहबाज की भारी बेइज्जती; मिला अल्टीमेटम

बलूच लिबरेशन आर्मी के घातक हमले से पस्त पड़ी पाकिस्तानी सेना, 84 जवानों की मौत; कई इलाकों पर BLA का कब्जा

Latest World News