भारत के ऑपरेशन सिंदूर की धमक से पाकिस्तान अभी तक उबर नहीं पाया है। तभी उसे फिर से भारत के हमले का डर सताने लगा है। पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के हालिया बयान से ये साफ हो गया है। आसिफ अली जरदारी ने दावा किया है कि नई दिल्ली "एक और युद्ध की तैयारी" कर रहा है।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा, "भारत के नेता कह रहे हैं कि वे एक और युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। क्षेत्रीय शांति के आजीवन समर्थक के रूप में मैं इसकी सलाह नहीं दूंगा।" विपक्ष के भारी हंगामे के बीच जरदारी ने कहा, "मेरा उन्हें (भारत को) संदेश है कि वे युद्ध के मैदान से हटकर सार्थक बातचीत की मेज पर आएं, क्योंकि क्षेत्रीय सुरक्षा का यही एकमात्र रास्ता है।"
अफगानिस्तान पर भी लगाया आरोप
जरदारी ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को लेकर अरोप लगाया कि काबुल, भारत के लिए एक प्रॉक्सी के रूप में काम कर रहा है। जरदारी ने अफगानिस्तान से कहा, "किसी दूसरे देश की महत्वाकांक्षाओं के लिए खुद को युद्ध का मैदान बनाना बंद करें।"
भारत ने आरोपों को किया खारिज
भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने पाकिस्तान के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान की रणनीति पर जवाब दिया-
- पाकिस्तान खुद आतंकी संगठनों को पनाह देता है और उन्हें प्रायोजित करता है।
- अपनी आंतरिक विफलताओं के लिए पड़ोसियों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है।
- पाकिस्तान इस बात से बौखलाया हुआ है कि अफगानिस्तान अपने क्षेत्र पर अपनी संप्रभुता का प्रयोग कर रहा है।
भारत ने पिछले महीने रमजान के महीने के दौरान अफगानिस्तान पर किए गए पाकिस्तानी हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की थी, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित नागरिक हताहत हुए थे।
बता दें कि मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 4 दिनों तक सीधा सैन्य संघर्ष चला था। लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' ने पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। इस हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पीओके (PoK) में आतंकी कैंपों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
ये भी पढ़ें-
"अगर मैं न्यूक्लियर डील नहीं रोकता, तो 3 साल पहले ही परमाणु बम बना लेता ईरान", ट्रंप का दावा
ईरान के भीषण पलटवार से सुलग रहा मिडिल ईस्ट, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा- इन देशों से तुरंत निकलो
Latest World News