A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: सेना के समर्थन में निकाली जा रही रैली पर ग्रेनेड से हुआ हमला, एक शख्स की मौत; 10 घायल

पाकिस्तान: सेना के समर्थन में निकाली जा रही रैली पर ग्रेनेड से हुआ हमला, एक शख्स की मौत; 10 घायल

बलूचिस्तान में पाकिस्तान फौज के समर्थन में निकाली जा रही रैली पर ग्रेनेड से हुआ हमला है। इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई है और कम से कम 10 लोग घायल हुए है। हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है।

पाकिस्तान में सेना के समर्थन में निकाली जा रही रैली पर ग्रेनेड से हुआ हमला (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान में सेना के समर्थन में निकाली जा रही रैली पर ग्रेनेड से हुआ हमला (सांकेतिक तस्वीर)

इस्लामाबाद: दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में बुधवार को सेना समर्थक रैली में भाग लेने वालों पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध आतंकवादी ने हथगोला फेंका, जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस और अस्पताल के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। स्थानीय पुलिस प्रमुख मोहम्मद मलघानी ने बताया कि यह हमला बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में हुआ। 

सरकार ने आयोजित किया था कार्यक्रम 

मोहम्मद मलघानी ने बताया कि लगभग 150 लोग कारों और मोटरसाइकिलों से शहर के एक हॉकी मैदान की ओर जा रहे थे, जहां भारत के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की जवाबी कार्रवाई के पक्ष में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी दौरन एक व्यक्ति ने उन पर हथगोला फेंका। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सरकार की ओर से आयोजित किया गया था। 

किसी ने नहीं ली जिम्मेदारी

सरकारी अस्पताल के प्रवक्ता वसीम बेग ने बताया कि घायलों में से कम से कम 2 की हालत गंभीर है। किसी भी समूह ने तत्काल इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन बलूच लिबरेशन आर्मी पर इसका संदेह है। यह एक अलगाववादी समूह है और जो प्रांत में वर्षों से विद्रोह चला रहा है। 

बलूचिस्तान में हो रहा है पकिस्तान का विरोध

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, लोग सड़कों पर उतर आए हैं और उनका कहना है कि बलूचिस्तान का पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं है। दुनिया अब और मूकदर्शक नहीं रह सकती। बलूच नेता मीर यार बलूच ने पाकिस्तान से आजादी की घोषणा की और एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बलूचिस्तान के लोगों ने अपना राष्ट्रीय फैसला दे दिया है और दुनिया को अब चुप नहीं रहना चाहिए। (एपी)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाने में भारत को बढ़त, परमाणु संपन्न देशों के बीच हुई आधी सदी में सबसे व्यापक जंग: न्यूयॉर्क टाइम्स

पाकिस्तान के एटमी हथियारों की सुरक्षा पर उठे सवाल, क्या किराना हिल्स में न्यूक्लियर रेडिएशन हुआ? जानिए क्यों हो रही चर्चा

Latest World News