1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में कोहाट की मस्जिद में धमाका, 16 लोगों की मौत; मरने वालों में 5 पुलिसकर्मी भी शामिल

पाकिस्तान में कोहाट की मस्जिद में धमाका, 16 लोगों की मौत; मरने वालों में 5 पुलिसकर्मी भी शामिल

पाकिस्तान के कोहाट में एक मस्जिद के अंदर जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका हो गया है। इस ब्लास्ट में 16 लोगों की जान चली गई है और कई दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

खैबर पख्तूनख्वा की...- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) खैबर पख्तूनख्वा की मस्जिद में ब्लास्ट हुआ है।

पाकिस्तान में कोहाट की मस्जिद में आज (शुक्रवार को) धमाका हो गया है। ये धमाका, जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि इस बड़े बम विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों अन्य लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों में 11 आम नागरिक और 5 पुलिसकर्मी हैं। ये ब्लास्ट उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुआ है।

कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास हुआ ब्लास्ट

प्रोविंसियल पुलिस चीफ जुल्फिकार हमीद ने बताया कि फिदायीन हमला करके मस्जिद में धमाका किया गया है। यह घटना खाइबर पख्तूनख्वा में पेशावर से 60 किलोमीटर दूर कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास मस्जिद में हुई है। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकी गुट ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

अस्पातल में भर्ती कराए गए 50 से ज्यादा घायल लोग

जियो न्यूज़ ने डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर हॉस्पिटल के MS ताहिर अली शाह के हवाले से कहा कि ब्लास्ट के बाद 50 से ज्यादा घायलों के साथ-साथ 15 शव भी हॉस्पिटल लाए गए हैं। पुलिस ने कहा कि घायलों में अधिकतर नमाज पढ़ने वाले लोग थे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि धमाके के कारण मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया है।

घायल लोगों को मौके से किया गया रेस्क्यू

रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के मुताबिक, खबर मिलने के कुछ ही देर बाद रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने आगे बताया कि कई लोग जख्मी हुए हैं और उन्हें शुरुआती इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल्स में ले जाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।

फरवरी में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुआ था ब्लास्ट

इससे पहले, इसी साल फरवरी में इस्लामाबाद में मौजूद शिया मस्जिद में भीषण ब्लास्ट हुआ था। यहां सुसाइड बॉम्बर ने खुद को उड़ा लिया था। इस धमाके में 70 से अधिक की मौत हो गई थी। इसके अलावा, 250 लोग घायल हो गए थे। यह धमाका इस्लामाबाद के तरलाई में मौजूद खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में हुआ था।

इमामबाड़ा के गेट पर फिदायीन ने खुद को उड़ा लिया था

पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, फिदायीन हमलावर को इमामबाड़ा के गेट पर रोक लिया गया था, लेकिन उसने तभी खुद को बम में उड़ा लिया था। इससे पहले, अगस्त में इस्लामाबाद की मस्जिद में लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कैडर की संदिग्ध मौत हो गई थी। वह वहां नमाज पढ़ने के लिए पहुंचा था।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें- मस्जिद को निशाना बनाकर ड्रोन से किया गया हमला, कुरान पढ़ रहे बच्चों की हुई दर्दनाक मौत

Latest World News