1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मस्जिद को निशाना बनाकर ड्रोन से किया गया हमला, कुरान पढ़ रहे बच्चों की हुई दर्दनाक मौत

मस्जिद को निशाना बनाकर ड्रोन से किया गया हमला, कुरान पढ़ रहे बच्चों की हुई दर्दनाक मौत

 Published : Feb 11, 2026 11:05 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 11:05 pm IST

पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेस ने एक मस्जिद पर ड्रोन हमला किया जिसमें कुरान पढ़ रहे 2 बच्चों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। सूडान में जारी इस गृहयुद्ध में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं।

Sudan mosque drone attack, North Kordofan violence, RSF drone strike- India TV Hindi
सूडान में लगातार ड्रोन अटैक हो रहे हैं। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

काहिरा: सूडान के कोर्डोफान में बुधवार तड़के एक मस्जिद पर भोर में हुए ड्रोन हमले में 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। बता दें कि सूडान में लंबे समय से गृहयुद्ध जारी है जिसमें हजारों लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बार में जानकारी देते हुए युद्ध की निगरानी करने वाले सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने बताया कि सेना से लड़ रही पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेस ने उत्तर कोर्डोफान के अल-रहाद शहर में यह ड्रोन हमला किया। नेटवर्क के प्रवक्ता मोहम्मद अलशेख ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दोनों बच्चे घटना के समय मस्जिद में कुरान पढ़ रहे थे।

नागरिकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा

डॉक्टर्स नेटवर्क ने कहा कि मस्जिद के अंदर बच्चों को निशाना बनाना कोई पहली घटना नहीं है और ऐसे मामलों में नागरिकों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। नेटवर्क ने इसे धार्मिक स्थलों की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताया। पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेस यानी कि RSF की तरफ से इस हमले पर अभी तक कोई बयान नहीं आया है। बता दें कि सूडान में अप्रैल 2023 से सेना और RSF के बीच गृहयुद्ध चल रहा है। ये दोनों पहले साथी थे और 2019 के जन-आंदोलन के बाद लोकतांत्रिक बदलाव की निगरानी करने वाले थे, लेकिन उनके बीच तनाव बढ़ने से लड़ाई छिड़ गई।

जंग में अब तक 40 हजार लोगों की हुई मौत

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, इस जंग में अब तक कम से कम 40,000 लोग मारे जा चुके हैं और 1 करोड़ 20 लाख लोग बेघर हो गए हैं। सहायता संगठनों का कहना है कि दूर-दराज के इलाकों में लड़ाई होने के कारण असली मौत का आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने कहा कि इबादतगाहों पर हमले 'एक व्यवस्थित पैटर्न' का हिस्सा हैं। पिछले साल के आंकड़ों के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 15 से ज्यादा मस्जिदें क्षतिग्रस्त हुई हैं या पूरी तरह तबाह की जा चुकी हैं। इसके साथ ही 165 से अधिक चर्च नष्ट कर दिए गए हैं या बंद कर दिए गए हैं।

शनिवार को ड्रोन हमले में मारे गए थे 24 लोग

बता दें कि ड्रोन हमले इस युद्ध में आम हो गए हैं। शनिवार को ही RSF के ड्रोन ने मध्य सूडान में विस्थापित परिवारों वाली एक गाड़ी पर हमला किया था, जिसमें कम से कम 24 लोग मारे गए थे, जिनमें 8 बच्चे शामिल थे। यह जानकारी भी सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने ही दी थी। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त ने कहा है कि कोर्डोफान क्षेत्र 'अस्थिर और शत्रुतापूर्ण गतिविधियों का केंद्र' बना हुआ है, क्योंकि दोनों पक्ष रणनीतिक इलाकों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश