1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान और तालिबान में जंग, दोनों तरफ से हुई भयंकर गोलीबारी; दर्जनों की मौत

पाकिस्तान और तालिबान में जंग, दोनों तरफ से हुई भयंकर गोलीबारी; दर्जनों की मौत

अफगानिस्तान में हुकूमत कर रहे तालिबान लड़ाकों और पाकिस्तान के बीच फिर गोलीबारी हुई है। पाकिस्तान का दावा है कि कुर्रम जिले में झड़पों में अफगान टैंकों और सैन्य चौकियों को नुकसान पहुंचा है।

Taliban Fighters- India TV Hindi
Image Source : AP Taliban Fighters

Pakistan Taliban Clash: पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर शासन करने वाले तालिबान के बीच जंग जारी है। पाकिस्तानी सैनिकों और तालिबान लड़ाकों के बीच मंगलवार रात एक बार फिर भयंकर झड़प हुई है। झड़पें कुर्रम जिले में सुदूर उत्तर-पश्चिमी सीमा क्षेत्रों में हुई हैं। पाकिस्तान के सरकारी ब्रॉडकास्टर पीटीवी न्यूज के मुताबिक, "अफगान तालिबान और फितना अल खवारिज ने कुर्रम में बिना उकसावे के गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत के साथ इसका करारा जवाब दिया है।" बताया जा रहा है कि इस ताजा संघर्ष में दर्जनों लोगों की मौत हुई है लेकिन अभी तक स्पष्ट संख्या नहीं आई है।

अफगान टैंकों और सैन्य चौकियों को हुआ नुकसान

पाकिस्तान टीवी में प्रसारित खबर और 2 सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की जिससे अफगान टैंकों और सैन्य चौकियों को नुकसान पहुंचा है। अफगनिस्तान के खोस्त प्रांत के पुलिस उप प्रवक्ता ताहिर अहरार ने झड़पों की पुष्टि की है लेकिन इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। इस सप्ताह दोनों ओर से कई बार गोलीबारी हुई है।

पहले भी हुई थी गोलीबारी

इससे पहले बीते सप्ताह शनिवार और रविवार को दोनों पक्षों के बीच कई सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी हुई थी जिससे दोनों पक्षों के दर्जनों लोग हताहत हुए थे। इसके बाद से ही पाकिस्तान की सेना अलर्ट पर है। हालांकि, सऊदी अरब और कतर की अपील के बाद रविवार को झड़पें रुक गई थीं लेकिन एक बार फिर लड़ाई शुरू हो गई है। हालात को देखते हुए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सभी सीमाएं बंद हैं। 

पाकिस्तान ने की थी एयर स्ट्राइक

पाकिस्तान और तालिबान के बीच झड़पें तब शुरू हुई हैं जब अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तान एयर फोर्स ने हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमले ऐसे समय में किए थे जब तालिबान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर हैं।

डूरंड रेखा पर है विवाद

बता दें कि, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड रेखा के रूप में जानी जाने वाली सीमा 2500 किलोमीटर से अधित लंबी है। यह सीमा 1893 में ब्रिटिश भारत (तब पाकिस्तान नहीं था) और अफगानिस्तान के बीच बनी थी। इसे लेकर विवाद भी है। डूरंड रेखा पश्तून जनजातियों को विभाजित करती है, जो अफगानिस्तान और पाकिस्तान दोनों में रहते हैं। अफगानिस्तान इसे वैध सीमा नहीं मानता है।अफगानिस्तान का दावा है कि डूरंड समझौता ब्रिटिश दबाव में हुआ था। अफगानिस्तान इसे औपनिवेशिक राज की निशानी भी मानता है। (इनपुट एजेंसी के साथ)

यह भी पढ़ें:

गाजा सीजफायर समझौते के बीच ट्रंप ने हमास को दी चेतावनी, बोले- 'हथियार छोड़ने होंगे वरना...'

ट्रंप ने पुतिन को अच्छा दोस्त बताते हुए कसा तंज, बोले- 'उन्हें एक हफ्ते में जीत लेनी चाहिए थी जंग'

Latest World News