1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने पुतिन को अच्छा दोस्त बताते हुए कसा तंज, बोले- 'उन्हें एक हफ्ते में जीत लेनी चाहिए थी जंग'

ट्रंप ने पुतिन को अच्छा दोस्त बताते हुए कसा तंज, बोले- 'उन्हें एक हफ्ते में जीत लेनी चाहिए थी जंग'

 Published : Oct 15, 2025 06:36 am IST,  Updated : Oct 15, 2025 06:42 am IST

डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने पुतिन को दोस्त बताते हुए कहा कि उन्हें जंग को एक हफ्ते में जीत लेना चाहिए था। पता नहीं वो इसे क्यों जारी रखे हुए हैं।

Donald Trump- India TV Hindi
Donald Trump Image Source : AP

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार भीषण हमले किए जा रहे हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल जंग को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तंज कसा है। ट्रंप ने पुतिन की आलोचना करते हुए कहा है कि मुझे नहीं पता कि वह इस युद्ध को क्यों जारी रखे हुए हैं। उन्हें यह युद्ध एक हफ्ते में जीत लेना चाहिए था। ट्रंप ने यह टिप्पणी व्हाइट हाउस में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ द्विपक्षीय लंच के दौरान कही।

ट्रंप ने दिया था बड़ा बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब 2 दिनों बाद व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ उनकी अहम मुलाकात होने वाली है। इस बैठक से पहले ट्रंप कह चुके हैं कि अमेरिका जंग में कीव की मदद के लिए उसे टॉमहॉक मिसाइलें दे सकता है। ट्रंप के इस बयान पर रूस ने भी पलटवार किया है। टॉमहॉक मिसाइलों की आपूर्ति वाले ट्रंप के बयान पर रूस ने कहा है कि इसके विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं।

जेलेंस्की ने क्या कहा? 

अमेरिका दौरे से पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि ट्रंप के साथ उनकी बातचीत में स्थिति के सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा, जिसमें यूक्रेन की रक्षा, वायु रक्षा और लंबी दूरी की क्षमताएं शामिल हैं। जेलेंस्की ने कहा कि इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम करने में ट्रंप सफल रहे हैं। उनकी यह सफलता रूस के साथ यूक्रेन में युद्ध को खत्म करने के लिए मिसाल के रूप में काम कर सकती है। 

रूस ने किया खारकीव पर हमला

इस बीच रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ग्लाइड बम और ड्रोन से हमला किया है। हमले के दौरान एक अस्पताल को निशाना बनाया गया है। रूस की ओर से किए गए इस हमले में 7 लोग घायल हो गए है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की वाशिंगटन जाने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से और अधिक सैन्य मदद मांगने की तैयारी कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:

ट्रंप को नहीं पसंद आई अपनी खुद की तस्वीर, ट्रूथ सोशल पर निकाली भड़ास; जानें क्या बोले

चुपके-चुपके यह बहुत बड़ा काम कर रहा है चीन, समुद्र में और भी बढ़ जाएगी उसकी ताकत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश