Highlights
- मुजतबा खामेनेई ने अमेरिकी हमले की स्थिति में बिना भौगोलिक सीमा जवाब देने का आदेश दिया।
- डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान के साथ युद्ध खत्म करने की अमेरिका को कोई जल्दी नहीं है।
- प्रस्ताव में यूरेनियम भंडार और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समझौते की बात कही गई।
तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने देश के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को अमेरिका की ओर से किसी भी संभावित हमले का तुरंत और कड़ा जवाब देने का आदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह के खतरे का जवाब देने में ईरानी सेना को सीमाओं की परवाह नहीं करनी चाहिए। खामेनेई ने यह निर्देश ऐसे समय दिया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए बातचीत की कोशिशें भी जारी हैं।
'हर खतरे का तुरंत और बिना किसी सीमा के जवाब दें'
मुजतबा खामेनेई ने X पर जारी कई पोस्ट के जरिए सैन्य कमांडरों के साथ हुई बैठक की जानकारी दी। उन्होंने कहा,
'हर स्तर और हर तरह के खतरे का तुरंत, प्रभावी और बिना किसी भौगोलिक सीमा के जवाब दिया जाना चाहिए। अगर दुश्मन फिर से सैन्य या आतंकवादी हमले शुरू करते हैं, तो उन्हें कब और किन शर्तों पर खत्म करना है, यह इस्लामिक रिपब्लिक की सेना और ईरान की जनता तय करेगी।'
सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने का निर्देश
ईरानी सुप्रीम लीडर ने सेना को दुश्मनों का मजबूती से मुकाबला करने के लिए समझदारी के साथ युद्ध की तैयारी बनाए रखने को कहा। उन्होंने इसे दुश्मनों को किसी भी हमले से रोकने की रणनीति का अहम हिस्सा बताया। इसके साथ ही उन्होंने ईरान की रक्षा तकनीक को और मजबूत करने का निर्देश दिया। खामेनेई का कहना है कि देश की सेना को हर तरह के खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।
'ईरान के साथ युद्ध खत्म करने की जल्दी नहीं'
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका को ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने मौजूदा संघर्ष को सामान्य युद्ध से अलग बताया। ट्रंप के मुताबिक, कई महीनों से जारी लड़ाई और कूटनीतिक कोशिशों के बावजूद कोई स्थायी समझौता नहीं हो पाया है, लेकिन समय अमेरिका के पक्ष में है। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा,
'बातचीत चल रही है। वे बात करना चाहते हैं। वे लगातार बातचीत कर रहे हैं। लेकिन देखिए, वे अपने सैनिकों को वेतन नहीं दे रहे हैं, वे अपनी पुलिस को भी वेतन नहीं दे रहे हैं। वे बहुत मुश्किल में हैं। और सच कहूं तो हमारे पास समय है। यह युद्ध है, लेकिन सामान्य युद्ध नहीं है। हमें वहां 7 महीने हो चुके हैं।'
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत का नया प्रस्ताव तैयार
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए एक शुरुआती मसौदा तैयार होने की खबर है। अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्ताव में ईरान के 'हाइली एनरिच्ड यूरेनियम' के भंडार को किसी सहमत तीसरे देश को सौंपने या उसके संवर्धन का स्तर कम करने की बात कही गई है। प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि शुरुआती सहमति बनने के 7 दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय जहाजों के आवागमन के लिए फिर से खोला जाए। यह समुद्री रास्ता दुनिया के तेल कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। (ANI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद क्या हुआ? IAEA के बयान से उठे सवाल