Highlights
- आर्मेनिया की संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर मारपीट हुई।
- सांसदों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां और पानी की बोतलें फेंकीं, मेजें भी तोड़ीं।
- हंगामे का लाइव प्रसारण जारी रहा, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई।
येरेवान: आर्मेनिया की संसद में गुरुवार को ऐसा हंगामा हुआ कि सदन जंग के मैदान में बदल गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर मारपीट हुई। सांसदों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, कुर्सियां फेंकीं और पानी की बोतलों से हमला किया। सदन के अंदर शुरू हुआ विवाद संसद के कॉरिडोर तक पहुंच गया। वहां भी सांसद एक-दूसरे से भिड़ते रहे। सुरक्षाकर्मियों और दूसरे सांसदों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक कोई भी शांत होने को तैयार नहीं था।
विवादित प्रस्ताव से शुरू हुआ लड़ाई-झगड़ा
दरअसल, आर्मेनिया की संसद में यह बवाल विपक्षी पार्टी 'स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया' के एक विवादित प्रस्ताव को लेकर शुरू हुआ। पार्टी ने इस साल की शुरुआत में देश में एक नया मंत्रालय बनाने का वादा किया था। इस प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई थी। विपक्ष के इस प्रस्ताव पर सत्तारूढ़ 'सिविल कॉन्ट्रैक्ट' पार्टी के सांसद तारोन चाखोयान ने सवाल उठाए। उन्होंने विपक्ष पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया और पार्टी के नेता नारिक करापेत्यान से महिलाओं के सामने माफी मांगने की मांग की।
आरोप-प्रत्यारोप के बाद पोडियम पर भिड़े सांसद
रिपोर्ट के मुताबिक, चाखोयान ने विपक्षी नेता करापेत्यान को सिर से पैर तक गड़बड़ बताया। उनकी इस टिप्पणी के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विपक्षी सांसद अपनी सीटों से उठे और उस पोडियम की तरफ बढ़ने लगे, जहां चाखोयान बोल रहे थे। सत्ता पक्ष के सांसदों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। सांसद एक-दूसरे को घूंसे और लात मारने लगे। कई सांसदों ने एक-दूसरे पर पानी की बोतलें भी फेंकीं।
डिप्टी स्पीकर ने भी फेंकी कुर्सी, तोड़ी गईं मेजें
हंगामे के दौरान संसद के डिप्टी स्पीकर और सत्तारूढ़ सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी के सदस्य वाहागन अलेक्सान्यान ने विपक्षी सांसदों की तरफ कुर्सी फेंक दी। वहीं, तारोन चाखोयान को विपक्षी सांसद गार्निक दावत्यन पर पानी फेंकते हुए देखा गया। इस दौरान दूसरे सांसदों ने भी बोतलें फेंकीं और मेजें तोड़ दीं। सदन में मची अफरा-तफरी के बीच सुरक्षाकर्मी और कुछ सांसद लगातार दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश करते रहे।
स्पीकर ने बंद नहीं किया लाइव प्रसारण
इस पूरे घटनाक्रम की खास बात यह रही कि संसद की कार्यवाही का लाइव प्रसारण जारी रहा। संसद के स्पीकर रुबेन रुबिन्यान ने साफ कहा कि वह प्रसारण बंद नहीं करेंगे, ताकि जनता खुद देख सके कि सदन के अंदर क्या हो रहा है। हंगामा सदन तक ही सीमित नहीं रहा। सांसदों के बीच मारपीट कॉरिडोर तक पहुंच गई। वहां भी काफी देर तक धक्का-मुक्की और हाथापाई होती रही। इस दौरान कथित तौर पर अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
घायलों को अस्पताल ले जाने पहुंची एंबुलेंस
मारपीट के बाद संसद परिसर में एंबुलेंस पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी पार्टी स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया के सांसद आंद्रानिक गेवरग्यान की नाक से खून निकल रहा था। वहीं, एक अन्य सांसद रूबेन मखितार्यान के कपड़े फट गए थे। कुल मिलाकर आर्मेनिया की संसद से आया वीडियो पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: यूक्रेन युद्ध का हल नहीं निकाल पा रहा रूस, लेकिन अर्मेनिया और अजरबैजान में पुतिन ने करा दिया समझौता