चरसद्दा (खैबर पख्तूनख्वा): पाकिस्तानी छात्रों ने एक यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में भारत का राष्ट्रगान 'जन गण मन' गा कर तहलका मचा दिया है। यह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित बाचा खान यूनिवर्सिटी में हुई। बताया जा रहा है कि चरसद्दा में एक एक्सपो के दौरान पाकिस्तानी छात्रों ने भारतीय राष्ट्रगान 'जन गण मन' जोर-शोर गाया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रियाज ने गाया भारत का राष्ट्रगान
सूत्रों के अनुसार यह घटना यूनिवर्सिटी के दो दिवसीय एक्सपो (यूथ फेस्टिवल या कैंपस एक्सपो) के दौरान हुई, जहां फार्मेसी विभाग के एक छात्र जिब्रान रियाज ने भारत का राष्ट्रगान गाया और कुछ छात्रों ने नारे भी लगाए। वीडियो में छात्र को 'जन गण मन' गाते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने छात्र और यूनिवर्सिटी प्रशासन की कड़ी आलोचना की, इसे 'राष्ट्र-विरोधी' करार देते हुए कार्रवाई की मांग की। कुछ ने इसे 'मनोरंजन' के नाम पर गलत कदम बताया, जबकि अन्य ने इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान का हिस्सा माना।
यूनिवर्सिटी प्रशासन घटना पर चुप
यह घटना सामने आने के बाद भारत में रियाज के वीडियो को तेजी से पसंद किया जा रहा है। बाचा खान यूनिवर्सिटी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है। यह यूनिवर्सिटी प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और महात्मा गांधी के सहयोगी बाचा खान (अब्दुल गफ्फार खान) के नाम पर है, जहां ऐसी घटनाएं दुर्लभ हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने प्रशासन से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगने के साथ कार्रवाई की अपील की है।
यह घटना भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच हुई है, जहां सांस्कृतिक या संगीतमय प्रदर्शन भी विवादास्पद हो जाते हैं। कुछ लोग इसे युवाओं में सकारात्मक बदलाव का संकेत मान रहे हैं, जबकि अधिकांश ने इसे अनुचित बताया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे दोनों देशों में चर्चा बढ़ गई है। पाकिस्तानी मीडिया और सोशल प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर ट्रेंड कर रही है, और कई यूजर्स ने इसे 'शॉकिंग' करार दिया।
यह भी पढ़ें
क्या है Lunar New Year...जिस पर चीन बोनस में बांट रहा कर्मचारियों को इतना अधिक कैश कि संभालना है मुश्किल, देखें VIDEO
Explainer: पाकिस्तान और चीन के चंगुल में फंस ढाका बनेगा 'ढाक के तीन पात'...या भारत से संबंध सुधार तारिक बदलेंगे बांग्लादेश के हालात
Latest World News