1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत इंडोनेशिया को देगा 'अस्त्र' और 'ब्रह्मोस' मिसाइलें, EVM डेवलप करने में भी करेगा मदद, राष्ट्रपति प्रबोवो ने की मोदी की तारीफ

भारत इंडोनेशिया को देगा 'अस्त्र' और 'ब्रह्मोस' मिसाइलें, EVM डेवलप करने में भी करेगा मदद, राष्ट्रपति प्रबोवो ने की मोदी की तारीफ

पीएम मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, तकनीक और रणनीतिक क्षेत्रों में कई अभूतपूर्व समझौते हुए हैं। इस महा-समझौते के तहत भारत, इंडोनेशिया को अपनी अत्याधुनिक स्वदेशी 'अस्त्र' और सुपरसोनिक 'ब्रह्मोस' मिसाइलें सप्लाई करेगा।

Modi, indonesia visit- India TV Hindi
Image Source : PTI पीएम मोदी और प्रेसिडेंट प्रबोवो सुबियांतो

जाकार्ता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय इंडोनेशिया यात्रा दोनों देशों के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिख गई है। जकार्ता पहुंचने पर राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी का भव्य सेरेमोनियल वेलकम किया गया, जिसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय और डेलीगेशन लेवल की वार्ता की। इस यात्रा के दौरान रक्षा, शिक्षा, तकनीक और बुनियादी ढांचे को लेकर कई ऐसे ऐतिहासिक समझौते हुए हैं, जो वैश्विक राजनीति और रणनीतिक समीकरणों को बदल कर रख देंगे।

डिफेंस सेक्टर में बड़ा समझौता

भारत और इंडोनेशिया ने डिफेंस सेक्टर में बहुत बड़ा समझौता किया है। इस समझौते के तहत भारत, इंडोनेशिया को हमारे देश में बनी एयर टू एयर मिसाइल अस्त्र सप्लाई करेगा। अस्त्र मिसाइल की सप्लाई के अलावा, सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल की सप्लाई का समझौता भी शामिल है। इसके अलावा भारत, इंडोनेशिया के स्टील, निकेल और रेयर अर्थ मैग्नेट सेक्टर में इन्वेस्टमेंट करेगा।

इंडोनेशिया के लिए ईवीएम डेवलप करेगा भारत

IIM बैंगलोर इंडोनेशिया में अपनी ब्रांच खोलेगा वहीं, इंडोनेशिया में चुनाव कराने के लिए भारत, वहां के लिए स्पेशली EVM को भी डेवलप करेगा। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने स्ट्रेट ऑफ मलक्का के पास, सबांग पोर्ट के को-डेवेलपमेंट का भी समझौता किया है।  इंडोनेशिया के प्रेसिडेंट प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को राजकीय भोज दिया जिसमें उन्होंने मोदी की जमकर तारीफ़ की।

पीएम मोदी की वर्किंग स्टाइल के मुरीद हैं प्रेसिडेंट प्रबोवो 

प्रेसिडेंट प्रबोवो ने कहा कि इंडोनेशिया पर भारतीय संस्कृति का गहरा असर है। इंडोनेशिया की भाषा के 30 से 40 परसेंट वर्ड्स भारतीय हैं। इंडोनेशिया के बहुत से लोगों के नाम भारतीय हैं। इंडोनेशिया का राजकीय चिह्न गरुड़, भारतीय माइथोलॉजी से लिया गया है। प्रेसिडेंट प्रबोवो ने कहा कि वो ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी और उनके वर्किंग स्टाइल के बहुत बड़े मुरीद हैं और वो मोदी की कई योजनाओं की कॉपी करके अपने यहां लागू कर चुके हैं।

पीएम मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सिविलियन अवार्ड 

आज इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सिविलियन अवार्ड बिनटांग आदिपूर्णा से भी नवाज़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में इंडोनेशिया की संसद को भी संबोधित किया और भारत-इंडोनेशिया के ऐतिहासिक रिश्तों का ज़िक्र किया। इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करने वाले मोदी, भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। इंडोनेशिया में क़रीब तीन लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इसके अलावा, वहां की इंडस्ट्रीज़ में भी लगभग 9 हज़ार भारतीय नागरिक काम करते हैं।

ये भी देखें:

'राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ मेरी दोस्ती कॉपीराइट की सभी सीमाओं से परे', इंडोनेशिया की संसद में बोले पीएम मोदी
इंडोनेशिया ने PM मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान दिया, राष्ट्रपति सुबियांतो ने की घोषणा

Latest World News