A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पहली बार सामने आई बलूच लिब्रेशन आर्मी की महिला ब्रिगेड, पाकिस्तान सरकार मानती है आतंकी संगठन, देखें कमांडर का VIDEO

पहली बार सामने आई बलूच लिब्रेशन आर्मी की महिला ब्रिगेड, पाकिस्तान सरकार मानती है आतंकी संगठन, देखें कमांडर का VIDEO

पाकिस्तान सरकार, जिस बलूच लिब्रेशन आर्मी को आतंकी संगठन मानती है, उसकी महिला ब्रिगेड का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कमांडर शायनाज़ बलोच BLA के बारे में बता रही हैं। इस वीडियो को संगठन के मीडिया विंग “हक्काल” द्वारा सामने लाया गया है।

Baloch Liberation Army- India TV Hindi
Image Source : HAKKAL/VIDEO SCREENGRAB कमांडर शायनाज़ बलोच का वीडियो आया सामने

बलूचिस्तान: बलूचिस्तान में अलगाववादी आंदोलन से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बलूच लिब्रेशन आर्मी की कमांडर शायनाज़ बलूच मीडिया के सामने आई है और उनका वीडियो भी सामने आया है। पहली बार बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की किसी महिला कमांडर ने मीडिया के जरिए दुनिया और बलूच जनता को संदेश दिया है।

BLA की महिला कमांडर शायनाज़ बलोच का वीडियो और संदेश संगठन के मीडिया विंग “हक्काल” द्वारा जारी किया गया है। इस संदेश में शायनाज़ बलोच ने बलूच लोगों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की और कहा कि बलूचिस्तान की “आजादी की लड़ाई” अब नए दौर में पहुंच चुकी है।

"बलूच महिलाएं अब सिर्फ घरों तक सीमित नहीं"

बताया जा रहा है कि शायनाज़ बलोच को BLA की पहली महिला “फ्रीडम फाइटर” या महिला कमांडर के तौर पर पेश किया गया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि बलूच महिलाएं अब सिर्फ घरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

BLA लंबे समय से पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष चला रही है। संगठन का आरोप है कि बलूचिस्तान के संसाधनों का शोषण किया जा रहा है और स्थानीय लोगों को उनके अधिकार नहीं मिल रहे। वहीं पाकिस्तान सरकार BLA को आतंकी संगठन मानती है और उसके खिलाफ लगातार अभियान चलाती रही है।

महिला कमांडर का इस तरह खुलकर सामने आना इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि अब तक BLA में पुरुष चेहरों का ही दबदबा दिखाई देता था। शायनाज़ बलोच के संदेश को संगठन की रणनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

बलूच लिब्रेशन आर्मी क्या है?

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA), जिसे बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी भी कहा जाता है, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय एक बलूच राष्ट्रवादी अलगाववादी सशस्त्र संगठन है। इसका प्रमुख उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करके एक स्वतंत्र बलूचिस्तान बनाना है। ये संगठन पाकिस्तान पर आरोप लगाता है कि पाकिस्तान, बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों (गैस, खनिज, तेल) का शोषण कर रहा है। पाकिस्तान पर आरोप ये भी लगते हैं कि वह, स्थानीय बलूच लोगों को विकास का मौका या अधिकार नहीं दे रहा। ऐसे में बलूच लिब्रेशन आर्मी हथियारों से लैस होकर अपने मकसद को पूरा करने में जुटी हुई है।

Latest World News