Shahid Beheshti University Strike: अमेरिकी और इजरायली लड़ाकू विमानों ने ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार की दोपहर कई रणनीतिक और नागरिक ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में देश की टॉप 10 यूनिवर्सिटी में से एक शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी को भी निशाना बनाया गया। यह अटैक अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग के और भयानक होने के रूप में देखा जा रहा है।
यूनिवर्सिटी और एयरपोर्ट को बनाया निशाना
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी के अनुसार, नॉर्थ तेहरान के वेलनजक क्षेत्र में स्थित शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी के साथ-साथ पश्चिमी हिस्से में मौजूद मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी बमबारी हुई है, जिससे बुनियादी ढांचे और यूनिवर्सिटी के परिसर को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक इस हमले में जान-माल के नुकसान की सटीक जानकारी की पुष्टि नहीं हो पाई है।
उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी
बता दें कि तेहरान में सन् 1960 में स्थापित की गई शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी का नाम प्रमुख क्रांतिकारी नेता आयतुल्ला मोहम्मद बेहेश्ती के नाम पर है। यह तेहरान में उच्च शिक्षा और रिसर्च का प्रमुख केंद्र मानी जाती है। यहां हजारों छात्र पढ़ते हैं। लेकिन जंग के बीच शैक्षणिक संस्थान भी निशाने पर हैं।
पाश्चर इंस्टीट्यूट ऑफ ईरान पर भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल की तरफ से हाल के दिनों में ईरान के अन्य सिविलियन और शोध संस्थानों पर भी अटैक किए गए थे। इनमें तेहरान का पाश्चर इंस्टीट्यूट ऑफ ईरान भी है। यह एक सदी पुराना बायो-मेडिकल और सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा पर सीधा हमला कहा था। साथ ही इसको अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन भी करार दिया था।
जान लें कि मध्य-पूर्व में 28 फरवरी, 2026 को ईरान पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले के साथ शुरू हुई जंग अभी तक जारी है। दोनों तरफ से एक-दूसरे को निशाना बनाया जा रहा है। इस युद्ध की चपेट में खाड़ी के तमाम देश है, जहां ईरान, अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बना रहा है।
ये भी पढ़ें- ईरान में अमेरिकी पायलट के पकड़े जाने की खबर, जानें लड़ाकू विमान के एक पायलट को ट्रेन करने में खर्च हो जाता है कितना पैसा?
Latest World News