कीवः यूक्रेन के साथ जारी शांति वार्ताओं के बीच रूस ने कीव के शहर पर साल 2026 का सबसे बड़ा हमला कर दिया है। नीप्रो में रूसी ड्रोन हमले में एक बस को निशाना बनाया गया, जिसमें खनिकों को ले जा रही बस पर हमला हुआ और 15 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी आपातकालीन सेवाओं ने रविवार को यह जानकारी दी।हमले में 7 अन्य लोग घायल हुए और आग लग गई, जिसे बाद में बुझा लिया गया।
खनिकों को लेकर जा रही थी बस
यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने कहा कि बस उसकी थी। कंपनी ने रूस पर “नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र में डीटीईके की खदानों पर बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमला” करने का आरोप लगाया। नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र की राजधानी नीप्रो है। कंपनी ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा, “हमलों में से एक का केंद्र एक कंपनी बस थी, जो नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र में शिफ्ट के बाद खनिकों को ले जा रही थी। इसी दौरान हमला हो गया। इसके बाद बस में भीषण आग लग गई।
रूस से जारी शांति वार्ता के दौरान हमला
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमिर ज़ेलेंस्की ने घोषणा की है कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता का अगला दौर अगले सप्ताह बुधवार और गुरुवार को अबू धाबी में होगा। ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ठोस वार्ताओं के लिए तैयार है और युद्ध को सम्मानजनक तरीके से समाप्त करने में रुचि रखता है। यह घटना यूक्रेन में रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों की निरंतरता को दर्शाती है, जो नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है। डीटीईके ने इसे खनन क्षेत्र पर लक्षित हमला बताया है, जो यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।यूक्रेनी अधिकारियों ने हमले की निंदा की है और इसे “आतंकवादी कार्रवाई” करार दिया है।
यह भी पढ़ें
एपस्टीन फाइल के खुलासे से ब्रिटेन में भूचाल, लेटी हुई रशियन महिला के ऊपर घुटने तोड़कर बैठे पूर्व प्रिंस एंड्र्यू
बलूचिस्तान के लड़ाकों का अभियान जारी, पाक ने सिर्फ 17 सैनिकों की मौतें स्वीकारी; BLA ने किया था 84 को मारने का दावा
Latest World News