इस्लामाबाद/कराची: बलूचिस्तान प्रांत में बलूचिस्तान लिब्रेशन आर्मी (बीएलए) के कमांडरों का अभियान जारी है। बीएलए ने अब तक 14 से अधिक शहरों पर कब्जे का दावा किया है। वह लगातार बलूचिस्तान में आगे बढ़ रहे हैं। बीएलए ने 24 घंटे में 84 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया था, लेकिन पाकिस्तान ने सिर्फ 17 सैनिकों की मौत को स्वीकार किया है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्ती ने रविवार को कहा कि पिछले 40 घंटों में कई काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशनों के दौरान 17 पाक सुरक्षा कर्मी मारे गए हैं। इस दौरान उन्होंने कम से कम 145 बीएलए लड़ाकों को मारने का दावा किया।
इन शहरों में मारे गए पाक सुरक्षा बलों के जवान
बुग्ती ने कहा कि यह कार्रवाई प्रांत में सुरक्षा बलों द्वारा आतंक के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद से दो दिनों से कम समय में मारे गए बीएलए लड़ाकों की सबसे बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि क्वेटा, सिबी, ग्वादर, नोशकी, पासनी आदि विभिन्न स्थानों पर लड़ते हुए कानून प्रवर्तन और सुरक्षा बलों के 17 कर्मी शहीद हुए। इससे पहले दिन में पाकिस्तान सेना ने कहा था कि सुरक्षा बलों द्वारा कई काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशनों में कम से कम 15 सैनिक और 92 उग्रवादी मारे गए। सेना ने कहा कि शनिवार को जातीय बलूच समूहों से जुड़े उग्रवादियों द्वारा कई स्थानों पर हमले किए गए थे।
14 शहरों पर बीएलए का कब्जा
बीएलए के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दल्बंदिन, खारान, पंजगुर, टंप, ग्वादर और पासनी समेत आसपास के 14 शहरों पर कब्जे का दावा किया। पाकिस्तान ने माना कि यहां बीएलए ने शांति भंग करने की कोशिश की। पाक सेना के बयान में कहा गया, “हमारे बहादुर सैनिकों ने सटीकता के साथ मुकाबला किया और बलूचिस्तान में लंबे, तीव्र और साहसिक सफाई अभियानों के बाद 92 लड़ाकों को मार गिराया, जिसमें तीन सुसाइड बॉम्बर शामिल हैं।”
आम नागरिकों की भी अभियान के दौरान मौत
पाक के अनुसार बीएलए लड़ाकों के हमले में आम नागरिकों को भी निशाना बनाया, जिसमें 18 लोग मारे गए। इनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और मजदूर शामिल थे। सफाई अभियानों और उसके बाद हुई गोलीबारी में 15 सैनिक शहीद हुए। बुग्ती ने मीडिया को बताया कि पासनी और क्वेटा में बीएलए ने दो महिला सुसाइड बॉम्बरों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “हमारी खुफिया एजेंसियों ने पहले ही क्वेटा पर बड़े हमले की आशंका जताई थी और शनिवार रात इन उग्रवादियों ने पुलिस और फ्रंटियर कोर सैनिकों सहित सुरक्षा बलों और 12 विभिन्न स्थानों पर नागरिकों पर हमला किया।” क्वेटा में दो सुसाइड बॉम्बर भी मारे गए।
यह भी पढ़ें
रूस में पहली बार एक साथ आसमां में दिखे 4 चंद्रमा, अद्भुद खगोलीय घटना से दुनिया हैरान; देखें VIDEO