A
Hindi News विदेश यूरोप ईरानी ड्रोन से निपटने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं अमेरिका और ये देश, जानें जेलेंस्की ने और क्या कहा

ईरानी ड्रोन से निपटने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं अमेरिका और ये देश, जानें जेलेंस्की ने और क्या कहा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ी बात कही है। जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और पश्चिम एशिया में उसके सहयोगी ईरान के शाहेद ड्रोन का मुकाबला करने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi Image Source : AP यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका समेत पश्चिम एशिया के कई सहयोगी देश ईरान की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे शाहेद ड्रोन हमलों से निपटने के लिए यूक्रेन की मदद चाहते हैं। जेलेंस्की ने अपने हालिया बयान में बताया कि अमेरिका सहित कई देशों ने ईरानी ड्रोन से बचाव के लिए यूक्रेन से संपर्क किया है, क्योंकि यूक्रेन ने रूस के खिलाफ चार साल से अधिक समय से इन ईरानी मूल के शाहेद ड्रोन के बड़े पैमाने पर हमलों का सामना किया है और इनसे निपटने में अनूठा अनुभव हासिल किया है। 

'यूक्रेन तभी देगा मदद जब...'

जेलेंस्की ने हाल के दिनों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत के नेताओं से बातचीत करते हुए संभावित सहयोग पर चर्चा की है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन इस मदद तभी प्रदान करेगा, जब इससे यूक्रेन की अपनी रक्षा क्षमता कमजोर ना हो और रूसी आक्रमण को रोकने के लिए कीव के राजनयिक प्रयासों को मजबूती मिले। 

'रूस-यूक्रेन संघर्ष से हटा दुनिया का ध्यान'

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "हम उन लोगों को युद्ध से बचाने में मदद करेंगे जो हमारी मदद करते हैं।" उन्होने यह भी कहा कि  ईरान के आसपास चल रहे संघर्ष ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद रूस-यूक्रेन संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय ध्यान हटा दिया है। इस कारण अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता के नए दौर को स्थगित करना पड़ा है। 

'शुरू होगी बातचीत की प्रक्रिया'

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि ईरान की स्थिति के चलते फिलहाल त्रिपक्षीय बैठक के लिए जरूरी संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर इस प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाएगा। रूस-यूक्रेन जंग की वजह से भारी संख्या में लोग मारे गए हैं और अमेरिका के नेतृत्व में चल रहे शांति प्रयासों से लड़ाई जल्द समाप्त होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।

शाहेद ड्रोन के बारे में जानें

शाहेद ड्रोन ईरान की कंपनी HESA द्वारा विकसित एक लोइटरिंग म्यूनिशन या सुसाइड ड्रोन है। यह कम लागत वाला, लंबी दूरी का आत्मघाती ड्रोन है। इसकी ऑपरेशनल रेंज 1,000 से 2,500 किमी तक है। यह 60 मीटर से 4,000 मीटर तक ऊंचाई पर उड़ान भर सकता है। शाहेद ड्रोन की सटीकता सीमित है, लेकिन इसकी सस्ती कीमत नेइसे गेम चेंजर बना दिया है। 

यह भी पढ़ें:

अमेरिका पर भड़के ईरानी राजदूत, बोले- 'हिंद महासागर में हमारा युद्धपोत डुबाने वाले को देंगे कड़ा जवाब'

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के मुद्दे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से की बात, साझा चिंताओं पर हुई चर्चा

 

Latest World News