1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के मुद्दे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से की बात, साझा चिंताओं पर हुई चर्चा

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के मुद्दे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से की बात, साझा चिंताओं पर हुई चर्चा

 Published : Mar 05, 2026 10:22 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 10:26 pm IST

पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की है। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता की बहाली पर जोर दिया।

पीएम नरेंद्र मोदी (R) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (L)- India TV Hindi
पीएम नरेंद्र मोदी (R) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (L) Image Source : AP

PM Modi Speaks With French President Emmanuel Macron: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से गुरुवार को टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में तेजी से बदलती स्थिति पर अपनी साझा चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में संवाद और कूटनीति की बहाली की आवश्यकता पर जोर दिया। बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "आज मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। हमने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को लेकर अपनी साझा चिंताओं और संवाद एवं कूटनीति की ओर लौटने की आवश्यकता पर चर्चा की। हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए घनिष्ठ सहयोग और समन्वयपूर्ण प्रयास जारी रखेंगे।"

अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर किया हमला

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में संघर्ष तेजी से बढ़ रहा है। संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमलों से हुई थी। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। हमलों को ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम, मिसाइल क्षमता और क्षेत्रीय खतरों को समाप्त करने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था।खामेनेई की मौत के बाद ईरान में नेतृत्व संकट पैदा हो गया है।

ईरान ने किया पलटवार

ईरान ने इन हमलों का कड़ा जवाब देते हुए इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए है। साथ ही उसने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, सऊदी अरब, कतर और अन्य खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान के जवाबी हमलों में शहर, हवाई अड्डे, ऊर्जा सुविधाएं, होटल और बंदरगाह भी निशाने पर आए हैं जिससे संघर्ष क्षेत्रीय स्तर पर फैल गया है। 

पीएम मोदी ने कई नेताओं से की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक पश्चिम एशिया के आठ नेताओं से फोन पर बात की है। इनमें यूएई, इजरायल, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ओमान, कुवैत और कतर के नेता शामिल हैं। बातचीतों में पीएम मोदी ने क्षेत्रीय संप्रभुता और अखंडता के उल्लंघन की निंदा की, संवाद और कूटनीति के जरिए शांति बहाल करने की तत्परता पर बल दिया है। भारत की स्थिति स्पष्ट है कि वह क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है। 

यह भी पढ़ें:

भारत के लिए बड़ी राहत? होर्मुज में सिर्फ US, इजराइल और यूरोप के जहाजों को रोकेगा ईरान

'इसे अंजाम तक पहुंचाओ, हम तुम्हारे साथ हैं', ईरान से जंग के बीच इजरायल से बोला अमेरिका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश