1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'इसे अंजाम तक पहुंचाओ, हम तुम्हारे साथ हैं', ईरान से जंग के बीच इजरायल से बोला अमेरिका

'इसे अंजाम तक पहुंचाओ, हम तुम्हारे साथ हैं', ईरान से जंग के बीच इजरायल से बोला अमेरिका

 Published : Mar 05, 2026 02:57 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 02:57 pm IST

ईरान के साथ बढ़ते युद्ध के बीच अमेरिका ने इजरायल को खुला समर्थन देते हुए संघर्ष को अंजाम तक पहुंचाने की बात कही है। इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की बातचीत में सैन्य सहयोग की बात एक बार फिर दोहराई गई।

US Israel Iran conflict, Israel Iran war latest news, Pete Hegseth Israel Katz call- India TV Hindi
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज और अमेरिका के सेक्रेट्री ऑफ वॉर पीट हेगसेथ। Image Source : AP

यरुशलम: ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की जंग के चलते मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से फोन पर बात की। इस बातचीत में अमेरिका ने इजरायल को मजबूत समर्थन दिया है और जंग को अंजाम तक पहुंचाने के लिए कहा है। इजरायल के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, काट्जने ईरान के हमलों में हुई 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इजरायल अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव मदद करेगा और करता रहेगा।

काट्ज ने ट्रंप और हेगसेथ का शुक्रिया अदा किया

काट्ज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बीच ईरान के खिलाफ सहयोग क्षेत्रीय और वैश्विक इतिहास बदल रहा है। काट्ज ने हेगसेथ को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि हेगसेथ ने इजरायल के लिए बहुत बड़ा समर्थन दिया है। खासकर ईरानी मिसाइलों से इजरायल के नागरिकों की रक्षा में मदद की है। दोनों देशों की सेनाओं के बीच अभूतपूर्व सहयोग से युद्ध के सभी लक्ष्य हासिल हो रहे हैं। हेगसेथ ने इजरायल की सेना की तारीफ करते हुए दोनों सेनाओं के बीच के सहयोग और IDF की क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने काट्ज से कहा, 'इसे अंजाम तक पहुंचाओ, हम तुम्हारे साथ हैं।'

इजरायल के न्यूक्लियर साइट पर हमले की धमकी

दूसरी तरफ, ईरान ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इजरायल और अमेरिका ने ईरान को उखाड़ फेंकने की कोशिश की, तो वह इजरायल के डिमोना न्यूक्लियर साइट पर हमला कर सकता है। यह धमकी इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान के नए सु्प्रीम लीडर को भी खत्म करने का लक्ष्य बनाया जा सकता है। ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने आज 'ट्रू प्रॉमिस 4' ऑपरेशन की 19वीं लहर शुरू की है, जिसके तहत मिसाइल और ड्रोन से हमले होंगे।

'अंधा हो गया है US-इजरायल का निगरानी नेटवर्क'

IRGC ने कहा कि यह ऑपरेशन 'अमेरिकी-ज़ायोनी आतंकवादियों' के ठिकानों पर किए जा रहे हैं, कब्जे वाली जगहों और अमेरिकी ठिकानों पर है। ये हमले 'या हसन इब्न अली' के नाम से शुरू हुए, जिसमें बड़े धमाके किए गए हैं। IRGC ने बुधवार को बयान दिया कि इन हमलों को ऑपरेशन के पांचवें दिन अंजाम दिया गया। ईरान का कहना है कि यह हमला इजरायल और अमेरिका की 'बिना वजह की आक्रामकता' के जवाब में शुरू किया गया था। IRGC का दावा है कि उसने अमेरिका और इजरायल के 7 से ज्यादा एडवांस्ड रडार सिस्टम नष्ट कर दिए हैं, जिससे दोनों देशों का निगरानी नेटवर्क 'अंधा' हो गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश