न्यूयॉर्क/वैंडेनबर्ग: मध्य पूर्व में ईरान के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच अमेरिका ने अपनी परमाणु क्षमता वाली LGM-30G मिनटमैन III अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का एक रूटीन परीक्षण किया है। अमेरिकी स्पेस फोर्स के मुताबिक, इस ICBM का यह परीक्षण वर्षों पहले से निर्धारित था और वर्तमान वैश्विक घटनाओं से इसका कोई लेना देना नहीं है। मिनटमैन III का यह परीक्षण मंगलवार की रात को कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से लगभग 11 बजे स्थानीय समय पर किया गया। मिसाइल को GT-255 नाम दिया गया था, जिसमें दो टेस्ट री-एंट्री व्हीकल लगे थे।
Related Stories
'मिनटमैन III ने अपना लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अनआर्म्ड यानी कि बिना हथियार वाली मिसाइल प्रशांत महासागर के पार उड़ी और अपना लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया। अमेरिकी एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड ने बताया कि इस परीक्षण का मकसद यह देखना था कि अमेरिका की जमीन से दागी जाने वाली परमाणु मिसाइल प्रणाली कितनी प्रभावी, तैयार और भरोसेमंद है। 576वीं फ्लाइट टेस्ट स्क्वाड्रन की कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल कैरी रे ने कहा, 'GT-255 परीक्षण से मिसाइल सिस्टम के अलग-अलग हिस्सों के काम करने के तरीके को समझने और जांचने का मौका मिला। अलग-अलग तरह के मिशन प्रोफाइल पर टेस्ट करके पूरी ICBM फ्लीट के प्रदर्शन को बेहतर बनाया जा रहा है।'
'ICBM फोर्स के सभी पहलुओं की जांच करना बहुत जरूरी'
लेफ्टिनेंट कर्नल कैरी रे ने आगे कहा, 'इसका मकसद है कि अमेरिका की परमाणु ताकत के 3 प्रमुख हिस्सों यानी कि न्यूक्लियर ट्रायड में से जमीन से दागी जाने वाली मिसाइलें हमेशा पूरी तरह तैयार और सक्षम रहें।' एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के कमांडर जनरल एसएल डेविस ने कहा, 'हमारी ICBM फोर्स के सभी पहलुओं की जांच करना बहुत जरूरी है, जिसमें दुश्मन की रक्षा को भेदने और कई स्वतंत्र रूप से लक्षित पेलोड को सटीकता से पहुंचाने की क्षमता शामिल है। यह परीक्षण हथियार सिस्टम की जटिल समन्वय की पुष्टि करता है, लॉन्च से लेकर हर री-एंट्री व्हीकल के सही तैनाती तक।'
क्या हैं मिनटमैन III मिसाइल की मुख्य खासियतें?
मिनटमैन III मिसाइल की तरह की खूबियों से लैस है। इस मिसाइल की कुछ अहम खूबियां निम्नलिखित हैं:
- परमाणु त्रयी का अहम हिस्सा: मिनटमैन III अमेरिका की न्यूक्लियर ट्रायड का मुख्य हिस्सा है, जिसमें जमीन, समुद्र और हवा से परमाणु हमला करने की क्षमता शामिल है।
- भूमिगत साइलो में तैनाती: यह मिसाइल मुख्य रूप से अमेरिकी पश्चिमी इलाकों में सुरक्षित भूमिगत साइलो में रखी जाती है।
- निरोधक भूमिका: इसका मुख्य उद्देश्य अमेरिका पर परमाणु हमला होने पर सुनिश्चित जवाबी हमला की क्षमता प्रदान करना है।
- MIRV क्षमता: मिनटमैन III कई स्वतंत्र रूप से लक्षित किए जाने वाले री-एंट्री व्हीकल (MIRV) ले जा सकती है, जिससे दुश्मन की मिसाइल रक्षा प्रणाली को चकमा दिया जा सकता है।
- मिसाइल की रेंज और स्पीड: मिसाइल की रेंज लगभग करीब 9,600 किलोमीटर है और इसकी स्पीड 24 हजार किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा है।
- परमाणु शक्ति: हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम की तुलना में इसका वॉरहेड 20 गुना तक ज्यादा शक्तिशाली हो सकता है।
बता दें कि नवंबर 2025 में भी मिनटमैन III का परीक्षण किया गया था, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु परीक्षण फिर शुरू करने की बात कही थी। अमेरिकी अधिकारियों ने दोहराया कि यह परीक्षण किसी वर्तमान घटना जैसे कि मध्य पूर्व में ईरान युद्ध से जुड़ा नहीं है बल्कि एक रूटीन टेस्टिंग है।