ब्राजील: कहते हैं प्यार की कोई उम्र नहीं होती, इंसान को कभी भी किसी से भी पहली नजर में प्यार हो सकता है। फरवरी के महीने को प्यार के महीने के नाम से जाना जाता है क्योंकि इस महीने में आता है वेलेंटाइन डे। वेलेंटाइन डे से पहले भी बहुत से डे होते हैं जिन्हें सभी प्रेमी मनाते हैं। आज वेलेंटाइन के मौके पर हम आपको एक ऐसे कपल की प्रेम कहानी बताने जा रहे हैं जिसे पढ़कर आपको एहसास हो जाएगा कि प्यार उम्र का मोहताज नहीं होता। जी हां, हम आपको ब्राजील के एक कपल के बारे में बता रहे हैं। यहां पर व्लादिमिरा रोड्रिग्स डी ओल्वेरा नाम की 106 वर्षीय महिला को 66 साल के डिआस जेकब से प्यार हो गया। आपको बता दें कि जेकब, व्लादिमिरा रोड्रग्स से 40 साल छोटे हैं।
एक पत्रिका में प्रकाशित खबर के अनुसार ओल्वेरा और जेकब ब्राजील के पिरासुंगा स्थित नोसा शिहोरा फातिमा रिटायरमेंट होम में रहते हैं। दोनों के कमरे अलग हैं, लेकिन एक दिन दोनों की नजरें अचानक से मिला और प्यार हो गया। दोनों का प्यार दिन प्रतिदिन बढ़ता गया जिसके चलते अब दोनों ने सगाई का फैसला किया। ओल्डऐज होम ने दोनों की शादी को यादगार बनाने के लिए खूब तैयारियां की। सगाई समारोह में बड़ा सा केक मंगवाने के साथ-साथ पूरे ओल्डऐज होम को गुलाब के फूलों से सजाया गया। सगाई में 106 वर्षीय व्लादिमिरा सफेद ड्रेस में पहुंचीं। उनका वॉकर भी गुलाब के फूलों से सजा हुआ था। जबकि दूसरी ओर जेकब भी अपनी छड़ी पकड़ कर सगाई के लिए पहुंचे।
जेकब ने कहा, 'मैंने जब व्लादिमिरा को पहली बार देखा था तभी से उनसे प्यार करता हूं। मैं जानता हूं कि वो मुझसे ज्यादा बुजुर्ग हैं, लेकिन प्यार में ये मायने नहीं रखता है। जब मैंने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो वह तुरंत मान गई थीं।' जबकि व्लादिमिरा का कहना है कि, 'जेकब और मैं एक-दूसरे को काफी प्यार करते हैं। हम चाहते हैं कि दोनों एक साथ जिएं और मरें'।