A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. क्यूबा में आया 6.1 तीव्रता का भूकंप, फ्लोरिडा तक लगे झटके, जगह-जगह हिली इमारतें, मात्र 10 KM की गहराई पर रहा केंद्र

क्यूबा में आया 6.1 तीव्रता का भूकंप, फ्लोरिडा तक लगे झटके, जगह-जगह हिली इमारतें, मात्र 10 KM की गहराई पर रहा केंद्र

क्यूबा में आए भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। लोग अपने घरों और ऑफिस से बाहर निकल आए। लोगों के बीच डर का माहौल था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

सोमवार को पश्चिमी क्यूबा के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे हवाना में इमारतें हिल गईं। भूकंप के झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। तुरंत किसी के घायल होने या नुकसान की खबर नहीं मिली। US जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप हवाना के पश्चिम में समुद्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया।

भूकंप के आते ही मची अफरातफरी

पश्चिमी क्यूबा के पिनार डेल रियो होटल की मैनेजर फ्लेविया पुपो ने बताया कि कैसे इमारत हिलने लगी, जिससे अफरातफरी मच गई। उन्होंने फोन पर कहा, 'यहां सब ठीक है। सड़क पर मौजूद लोग थोड़े डरे हुए हैं।'

फ्लोरिडा में महसूस किए गए झटके

इस भूकंप के झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। मियामी में नेशनल वेदर सर्विस ने ट्वीट किया कि उन्हें राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में झटके महसूस होने की कई खबरें मिली हैं। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट से पता चला कि ऑरलैंडो के उत्तर में भी लोगों ने झटके महसूस किए।

लगभग में एक मिनट तक रहा कंपन

डाउनटाउन फोर्ट लॉडरडेल में एक लॉ ऑफिस में काम करने वाली मारिया मोनकायो ने बताया कि वह अपनी डेस्क पर चुपचाप काम कर रही थीं, तभी उन्हें कंपन महसूस हुआ। यह कंपन लगभग एक मिनट तक रहा। मोनकायो ने कहा कि इक्वाडोर में रहते हुए उन्होंने कई भूकंप देखे थे, जिनमें 2016 का 7.8 तीव्रता वाला भूकंप भी शामिल था, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन 7 साल पहले फ्लोरिडा आने के बाद से उन्होंने ऐसा कोई भूकंप महसूस नहीं किया था।

डेस्क को हिलते हुए महसूस किया

मोनकायो ने आगे कहा, 'यहां आने के बाद मैं यह बात भूल गई थी, लेकिन जब मैंने अपनी डेस्क को हिलते हुए महसूस किया, तो मुझे लगा कि यह इक्वाडोर जैसा ही कुछ होने वाला है। मुझे पुरानी यादें ताजा हो गईं, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि यह उतना बुरा नहीं है, बस एक छोटा सा झटका है।'

कई इमारतों को कराया गया खाली

भूकंप के झटकों के बाद मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने घोषणा की कि वे सावधानी के तौर पर कई इमारतों को खाली करवा रहे हैं, जिनमें काउंटी का मुख्य सरकारी ऑफिस भी शामिल है - जो मियामी के डाउनटाउन में 28 मंजिला ऊंची इमारत है।

भूकंप के बाद नहीं आई सुनामी

US जियोलॉजिकल सर्वे के जियोफिजिसिस्ट विलियम बर्नहार्ट ने सोमवार के भूकंप को बहुत ही दुर्लभ बताया। इस भूकंप से कोई सुनामी नहीं आई। बर्नहार्ट ने कहा कि पश्चिमी क्यूबा में कुछ तेज आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए जा सकते हैं, लेकिन फ्लोरिडा में इनके महसूस होने की संभावना कम है। 

ये भी पढ़ें: 

नहीं थमेगा ये युद्ध! अब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी सख्त चेतावनी, कहा- हमले रोके नहीं तो रुक सकती है सीजफायर की डील

फिलीपींस में भूकंप-सुनामी के कारण 19 की मौत, 200 से ज्यादा घायल, रिक्टर स्केल पर 7.8 रही तीव्रता

 
 
 
 

Latest World News