1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में फिर चली ताबड़तोड़ गोलियां, दक्षिणी वर्जीनिया में हुई अंधाधुंध गोलीबारी; घायल हुए कई अधिकारी

अमेरिका में फिर चली ताबड़तोड़ गोलियां, दक्षिणी वर्जीनिया में हुई अंधाधुंध गोलीबारी; घायल हुए कई अधिकारी

अमेरिका के दक्षिणी वर्जीनिया में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। फायरिंग में कई अधिकारियों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।

America Southern Virginia Firing- India TV Hindi
Image Source : AP America Southern Virginia Firing

America Firing: अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की भयावह घटना हुई है। फयारिंग की यह घटना अमेरिका के दक्षिणी वर्जीनिया में हुई है। गोलीबारी की इस घटना में कई कानून प्रवर्तन अधिकारी घायल हुए हैं। अमेरिका के एक सांसद ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य जॉन मैकगायर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं उन अधिकारियों के साथ हैं जिन्हें पिट्सिल्वेनिया काउंटी में गोली लगी है। 

भारी पुलिस बल को किया गया तैनात

घटनास्थल से मिली तस्वीरों में बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं। मैकगायर ने लिखा, ‘‘हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और प्रभावित सभी लोगों के प्रति इस कठिन समय में अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।’’ पिट्सिल्वेनिया काउंटी उत्तरी कैरोलाइना के साथ लगती राज्य की दक्षिणी सीमा पर स्थित है। 

टेक्सास में हुई थी फायरिंग

बता दें कि, इससे पहले इसी महीने 12 अगस्त 2025 को अमेरिका में टेक्सास राज्य की राजधानी ऑस्टिन में गोलीबारी हुई थी। यहां एक बंदूकधारी ने ‘टारगेट’ कंपनी के एक स्टोर के पार्किंग क्षेत्र में गोलीबारी कर 2 वयस्कों और एक बच्चे की हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने बताया था आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद चोरी की एक कार से फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने उसे बाद में पकड़ लिया। 

अमेरिका में आसानी से मिल जाते हैं हथियार

बता दें कि, मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, पिछले 50 सालों में 15 लाख से ज्यादा अमेरिकी लोगों की जान गन कल्चर की वजह से गई है। अमेरिका की जनसंख्या लगभग 33 करोड़ है लेकिन हथियारों की संख्या 40 करोड़ के पार है। अमेरिका में नियमों के मुताबिक, राइफल या छोटी बंदूकें खरीदने के लिए न्यूनतम उम्र सीमा 18 साल है और बाकी के हथियारों के लिए 21 साल है। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं आम हैं। (एपी)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में आजादी का जश्न मनाने के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग, 3 की मौत घायल हुए 60 से अधिक लोग

ट्रंप ने वार्ता से पहले पुतिन को दे डाली चेतावनी, बोले- ' नहीं बनी बात तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम'

 

Latest World News