अमेरिका में 6 लोगों की हत्या करने वाले आरोपी ने कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष, जज बोले- 'इसका मानसिक चेकअप कराओ'
अमेरिका के मिसिसिपी में डैरिका एम मूर नाम के शख्स पर आरोप है कि उसमे 6 लोगों की हत्या की है। इस पूरे मामले में पुलिस ने जब आरोपी मूर को कोर्ट में पेश किया तो उसने खुद को निर्दोष बताया। चलिए जानतें हैं इसके बाद क्या हुआ।
America Mississippi Firing Death: अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में क्ले काउंटी के ग्रामीण इलाके में हुई एक बेहद भयावह हिंसक घटना में 6 लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों में एक 7 साल की एक बच्ची भी शामिल थी। हत्या का आरोप 24 साल के डैरिका एम मूर नाम के शख्स पर लगा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब कोर्ट में पेश किया तो मूर ने अदालत में खुद को निर्दोष बता दिया।
मूर पर क्या हैं आरोप
‘डब्ल्यूटीवीए-टीवी’ और अन्य रिपोर्टों के अनुसार, क्ले काउंटी अदालत में हुई सुनवाई के दौरान मूर ने कुल 11 गंभीर आरोपों में निर्दोष होने का दावा किया। इनमें हत्या, बच्चे की हत्या का प्रयास, यौन उत्पीड़न का प्रयास, सेंधमारी और मोटर वाहन चोरी शामिल हैं। चूंकि कैपिटल मर्डर का आरोप लगा है, इसलिए मिसिसिपी राज्य कानून के तहत उसे जमानत मिलना संभव नहीं है।
'मानसिक स्थिति की जांच कराएं'
आदालत में मूर ने जब खुद को निर्दोष बताया तो न्यायाधीश ने उसकी मानसिक स्थिति की जांच के लिए मूल्यांकन का आदेश भी दिया। मामले में अभी तक मूर की ओर से कोई वकील अदालत में पेश नहीं हुआ है। जिला अटॉर्नी स्कॉट कोलम ने भी पूछताछ के संबंध में तुरंत कोई जवाब नहीं दिया है।
मूर ने 3 अलग-अलग स्थानों पर किया हमला
अधिकारियों के अनुसार, पिछले सप्ताह शुक्रवार देर रात मूर ने 3 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए, जिनमें उसके पिता (67 वर्षीय ग्लेन मूर), भाई (33 वर्षीय क्विंटन मूर), चाचा (55 वर्षीय विली एड गुइन्स), 7 वर्षीय चचेरी बहन (मिकिलिया गुइन्स), एक स्थानीय एपोस्टोलिक चर्च के पादरी (बैरी ब्रैडली) और पादरी के भाई (सैमुअल ब्रैडली) की हत्या की गई। जांच के अनुसार घटना का क्रम इस प्रकार था।
- सबसे पहले मूर ने परिवार के मोबाइल होम में अपने पिता, भाई और चाचा की गोली मारकर हत्या की।
- फिर उसने अपने भाई का ट्रक चुराया और कुछ मील दूर रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां जबरन घुसकर यौन उत्पीड़न का प्रयास किया और 7 वर्षीय बच्ची को सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
- इसके बाद वह एक छोटे गिरजाघर (एपोस्टोलिक चर्च ऑफ द लॉर्ड जीसस) पहुंचा, जहां घुसकर पादरी और उनके भाई की हत्या की और उनकी गाड़ी चुरा ली।
हमले का मकसद साफ नहीं
क्ले काउंटी शेरिफ एडी स्कॉट ने मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि सबूतों और गवाहों से स्पष्ट है कि मूर ही एकमात्र हमलावर था। किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। पुलिस ने स्थानीय, राज्य और संघीय एजेंसियों की मदद से मूर को एक चेकपॉइंट से गिरफ्तार कर लिया था। अधिकारी अभी भी इस घटना के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं। यह मामला मिसिसिपी में हाल के वर्षों की सबसे भयानक हिंसा की घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
Iran Protest: ईरान में बिगड़े हालात, सरकार विरोधी प्रदर्शनों में अब तक 646 लोगों की हुई मौत
ट्रंप ने बढ़ाया तेहरान पर दबाव, ईरान के ट्रेड पार्टनर्स पर फोड़ा टैरिफ बम! लगाया 25 फीसदी टैक्स
