1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ChatGPT की मदद से महिला ने जीती 88 लाख रुपये की लॉटरी, बताया क्या करेंगी इतनी बड़ी रकम का

ChatGPT की मदद से महिला ने जीती 88 लाख रुपये की लॉटरी, बताया क्या करेंगी इतनी बड़ी रकम का

ChatGPT की मदद से अमेरिका की एक महिला टैमी कार्वे ने 88 लाख रुपये की लॉटरी जीत ली। टैमी ने AI से पावरबॉल के नंबर चुने और 50,000 डॉलर के बाद पावर प्ले ऑप्शन से इनाम बढ़कर 100,000 डॉलर हो गया।

ChatGPT lottery win, AI lottery, Tammy Carvey, Michigan Powerball- India TV Hindi
Image Source : MICHIGAN LOTTERY चैटजीपीटी की मदद से टैमी कार्वे ने एक लाख डॉलर की रकम जीती।

वायनडॉट: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा किए जा रहे कारनामों की खबरें अक्सर मीडिया की सुर्खियों में होती हैं। ऐसी ही एक खबर अमेरिका से आई है, जहां ChatGPT ने एक महिला को 88 लाख रुपये की लॉटरी जितवा दी। दरअसल, महिला ने AI प्रोग्राम चैटजीपीटी से चुने गए नंबरों पर लॉटरी खेली थी और उसे 1,00,000 डॉलर यानी कि लगभग 88 लाख रुपये की बड़ी रकम हाथ लगी। 45 साल की टैमी कार्वे ने मिशिगन लॉटरी अधिकारियों को बताया कि उन्होंने सितंबर में पावरबॉल लॉटरी का टिकट ऑनलाइन खरीदा था, जब जैकपॉट 1 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया था।

महिला ने कैसे ली ChatGPT की मदद?

टैमी ने इस पूरे मामले पर बात करते हुए कहा, 'मैं पावरबॉल तभी खेलती हूं जब जैकपॉट बहुत ज्यादा हो। इस बार जैकपॉट 1 अरब डॉलर से ऊपर था, तो मैंने टिकट खरीदा। मैंने ChatGPT से पावरबॉल के लिए कुछ नंबर मांगे और वही नंबर मैंने अपने टिकट पर खेले।' 6 सितंबर को हुए ड्रॉ में टैमी का टिकट 4 सफेद गेंदों और पावरबॉल से मेल खा गया, जिससे उन्हें 50,000 डॉलर यानी कि लगभग 44 लाख रुपये का इनाम मिला। लेकिन उनकी खुशी तब दोगुनी हो गई जब पावर प्ले ऑप्शन की वजह से उनकी जीत 100,000 डॉलर (लगभग 88 लाख रुपये) हो गई।

'मैं और मेरे पति तो बिल्कुल हैरान रह गए'

टैमी ने हंसी-खुशी बताया, 'जब मैंने जीतने वाले नंबर चेक किए, तो मुझे पता चला कि मेरी 4 सफेद गेंदों और पावरबॉल के नंबर मैच कर गए। मुझे लगा कि मैंने कुछ तो जीता ही है। गूगल पर देखा तो पता चला कि यह 50000 डॉलर का इनाम है। लेकिन जब मैंने अपने मिशिगन लॉटरी खाते में लॉग इन किया, तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने पावर प्ले ऑप्शन लिया था, जिसने मेरी जीत को 100000 डॉलर कर दिया! मैं और मेरे पति तो बिल्कुल हैरान रह गए।' टैमी ने अपनी इस जीत को अपनी जिंदगी के लिए एक बड़ा तोहफा बताते हुए कहा कि इस रकम से वह अपने घर का लोन चुकाएंगी और अपनी बचत को और बढ़ाएंगी।

Latest World News