A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में खतरनाक केमिकल का रिसाव, 40000 लोगों को इलाका खाली करने का आदेश; विस्फोट का खतरा

अमेरिका में खतरनाक केमिकल का रिसाव, 40000 लोगों को इलाका खाली करने का आदेश; विस्फोट का खतरा

अमेरिकी के साउथ कैलिफोर्निया में 40000 लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया गया है। यहां खतरनाक केमिकल के रिसाव की वजह से यह आदेश जारी किया गया है।

खतरनाक केमिकल का रिसाव।- India TV Hindi
Image Source : AP खतरनाक केमिकल का रिसाव।

अमेरिकी के साउथ कैलिफोर्निया में खतरनाक केमिकल के रिसाव का मामला सामने आया है। ऐसे में शुक्रवार को लगभग 40,000 लोगों को इलाका खाली करने के आदेश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक प्लास्टिक के पुर्जे बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक खतरनाक केमिकल का रिसाव हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह रसायन फट सकता है या विस्फोट कर सकता है। फिलहाल केमिकल टैंक लीकेज पर काबू पाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।  

स्थानीय लोगों को शहर छोड़ने का आदेश

वहीं घटना को लेकर ऑरेंज काउंटी के दमकल विभाग ने बताया कि गार्डन ग्रोव शहर में स्थित एक एयरोस्पेस प्लास्टिक कारखाने में गुरुवार को 22,700 से 26,500 लीटर मिथाइल मेथैक्रिलेट से भरा एक भंडारण टैंक अत्यधिक गर्म हो गया और उससे वाष्प हवा में फैलने लगी। अधिकारियों ने गार्डन ग्रोव के निवासियों को शहर छोड़ने का आदेश दिया है। गार्डन ग्रोव के अग्निशमन प्रमुख क्रेग कोवे ने शुक्रवार को कहा कि टैंक टूट सकता है और उसमें दरार पड़ सकती है, जिससे केमिकल जमीन पर फैल सकता है, या फिर उसमें विस्फोट हो सकता है। कोवे ने कहा, "यह टैंक टूटेगा ही, और हमें नहीं पता कब। हम इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"

पांच शहरों को खाली करने का आदेश

केमिकल के रिसाव की वजह से शुक्रवार को ऑरेंज काउंटी के पांच अन्य शहरों- साइप्रस, स्टैंटन, अनाहेम, ब्यूना पार्क और वेस्टमिंस्टर के कुछ निवासियों के लिए भी निकासी आदेश का विस्तार किया। यह घटना जीकेएन एयरोस्पेस में हुई, जो वाणिज्यिक और सैन्य विमानों के पुर्जे बनाती है। टैंक से रिसाव को रात भर रोकने में असमर्थ रहने के बाद यह आदेश जारी किया गया। फिलहाल मौके पर अभी भी केमिकल लीकेज पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इसे रोकना बेहद जरूरी है, अन्यथा यह विस्फोट भी कर सकता है।

यह भी पढ़ें-

ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा ईरान; जिनपिंग की तारीफ में पढ़े कसीदे

Latest World News