Trump Putin Meeting: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अलास्का के एंकरेज शहर में वार्ता करने जा रहे हैं। यह मुलाकात स्थानीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे (भारतीय समयानुसार शनिवार रात करीब 1:00 बजे) होगी। वार्ता के दौरान मुख्य मुद्दा यह होगा कि कैसे रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष विराम हो सके। बातचीत के लिए पुतिन अलास्का पहुंच गए हैं, जबकि ट्रंप भी अलास्का पहुंचने वाले थे। इस मुलाकात पर सारी दुनिया की नजरें टिकी हैं।
ट्रंप रूस को दे चुके हैं चेतावनी
ट्रंप पहले ही रूस को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर पुतिन युद्ध खत्म करने पर सहमत नहीं होते, तो ‘बहुत कड़े नतीजे’ भुगतने होंगे। अगर मीटिंग अच्छी रही, तो ट्रंप एक ट्राई-नेशन मीटिंग कराने का प्लान बना सकते हैं, जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और कुछ यूरोपियन लीडर्स भी शामिल होंगे।
ट्रंप और जेलेंस्की ने क्या कहा था?
पहले भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया था। ट्रंप ने कहा था कि उन्हें मुलाकात के पहले दो मिनट में ही पता चल जाएगा कि कोई समझौता हो सकता है या नहीं। ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होने वाली मुलाकात के संदर्भ में यह बात कही थी। इतना ही नहीं रूस और अमेरिका के बीच वार्ता से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी बड़ा बयान दिया था। जेलेंस्की ने कहा था कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन संघर्ष विराम समझौते के तहत डोनेत्स्क क्षेत्र के उस बचे हुए 30 प्रतिशत हिस्से से भी पीछे हट जाए, जिस पर अभी यूक्रेन का नियंत्रण है।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने क्या कहा?
इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों की प्रशंसा की है। पुतिन ने क्रेमलिन की ओर से जारी एक वीडियो में कहा कि ट्रंप प्रशासन शत्रुता को समाप्त करने के लिए काफी सक्रिय और ईमानदार प्रयास कर रहा है। पुतिन ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ऐसे समझौते पर पहुंचने की कोशिश में है जो सभी संबंधित पक्षों के हित में हों।
यह भी पढ़ें:
पुतिन ने इस बात के लिए जमकर की भारत की तारीफ, 15 अगस्त के बधाई संदेश में कही ये बड़ी बात
बड़बोले ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- 'भारत पर लगे टैरिफ की वजह से बातचीत के लिए तैयार हुआ रूस'
Latest World News