1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. मिडटर्म चुनाव में झटके के बाद ट्रंप का बड़ा फैसला, स्टीफन मिलर होंगे व्हाइट हाउस के नए चीफ ऑफ स्टाफ, सूजी वाइल्स की छुट्टी

मिडटर्म चुनाव में झटके के बाद ट्रंप का बड़ा फैसला, स्टीफन मिलर होंगे व्हाइट हाउस के नए चीफ ऑफ स्टाफ, सूजी वाइल्स की छुट्टी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बड़ा फेरबदल करते हुए स्टीफन मिलर को नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त करने का ऐलान किया है। मिलर अब तक ट्रंप के करीबी सहयोगियों में रहे हैं।

Donald Trump- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप

मिडटर्म चुनाव में लगे झटके के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उन्होंने सूजी वाइल्स की जगह  स्टीफन मिलर को नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त करने का ऐलान किया है। मिलर अब तक ट्रंप के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे हैं और प्रशासन की सख्त इमिग्रिशन पॉलिसी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाते हैं। मिलर अब सूजी वाइल्स की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। ट्रंप ने कहा कि वाइल्स ने शानदार काम किया है और अब उन्हें राजनीतिक ऑपरेशन की जिम्मेदारी दी जाएगी।

ट्रंप ने यह बदलाव ऐसे समय में किया है, जब मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कांग्रेस में बहुमत गंवाना पड़ा है। सूजी वाइल्स ट्रंप की सबसे लंबे समय तक साथ रहने वाली सलाहकारों में से एक रही हैं। वह व्हाइट हाउस की पहली महिला चीफ ऑफ स्टाफ भी थीं।

ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने शुक्रवार को इस फेरबदल का ऐलान करते हुए कहा, 'स्टीफन मिलर नए चीफ ऑफ स्टाफ होंगे और सूजी राजनीतिक ऑपरेशन में जाएंगी। मैं बदलाव करना चाहता था। सूजी ने शानदार काम किया है। स्टीफन भी बेहतरीन रहे हैं और हमें कुछ कदम उठाने होंगे। मुझे भरोसा है कि वह अच्छा काम करेंगे।'

कैबिनेट में बड़े बदलाव की संभावना से इनकार

व्हाइट हाउस में बदलाव के बाद ट्रंप ने अपने प्रशासन में आगे और बड़े फेरबदल की संभावना को कम बताया। फ्लोरिडा के पाम बीच पहुंचने के बाद मीडियाकर्मियों ने जब उनसे कि क्या आने वाले महीनों में प्रशासन के और अधिकारी पद छोड़ सकते हैं। इस पर ट्रंप ने कहा कि ऐसे बदलाव बहुत कम होंगे। उन्होंने अपने कैबिनेट की तारीफ की। हालांकि सीबीएस को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कैबिनेट में कुछ बदलावों के संकेत भी दिए थे। उन्होंने कहा था कि उनके मंत्री अच्छे हैं, लेकिन वह कुछ बदलाव कर सकते हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि किन मंत्रियों को बदला जा सकता है। साथ ही रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का बचाव भी किया।

डेमोक्रेट्स की बढ़ेगी कांग्रेस में ताकत

बता दें कि मिडटर्म चुनाव के बाद अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स की स्थिति मजबूत हुई है। सीनेट और प्रतिनिधि सभा की कुछ सीटों के नतीजे अभी बाकी हैं। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, डेमोक्रेट्स को अगले साल 100 सदस्यीय सीनेट में कम से कम 54 सीटें मिलने की संभावना है। अलास्का और मिसिसिपी के नतीजों के आधार पर यह संख्या 56 तक पहुंच सकती है।

सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा है कि उनकी पार्टी ट्रंप को सुप्रीम कोर्ट में किसी दक्षिणपंथी विचारधारा वाले उम्मीदवार की नियुक्ति करने से रोकने की कोशिश करेगी। उन्होंने संघीय न्यायपालिका और ट्रंप कैबिनेट में खराब नामांकन का भी विरोध करने का संकल्प जताया है। वहीं, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को नई डेमोक्रेटिक बहुमत वाली कांग्रेस में महाभियोग की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रंप की मुश्किलें बढ़ीं

बता दें कि मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक ओर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत रिपब्लिकन पार्टी के कई नेता ट्रंप की नीतियों का विरोध कर रहे हैं तो वहीं, दूसरी ओर अब विपक्षी डेमोक्रेट पार्टी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी कर रही है। 

ये भी पढ़ें:
म‍िडटर्म इलेक्‍शन के बाद ट्रंप बोले- "शेयर बाजार की हालत खराब, ये सब डेमोक्रेट्स की वजह से हुआ"

 

Latest World News