अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब पर हमलों को लेकर यमन के हूती विद्रोहियों को वॉर्निंग दी है। हालांकि, ट्रंप ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि क्या उन्होंने इस ग्रुप पर हमला करने का निर्णय किया है, लेकिन ये जरूर कहा कि अगर अमेरिका, तुर्की की मदद चाहेगा, तो तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन वही करेंगे जो मैं कहूंगा, क्योंकि पश्चिम एशिया में टेंशन बढ़ रही है। इस दौरान, ट्रंप ने हूती विद्रोहियों के कामों को बहुत बुरा कहा। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने हूती के खिलाफ मिलिट्री एक्शन का निर्णय किया है, तो उन्होंने कहा कि हूती बहुत बुरा बर्ताव कर रहे हैं।
क्या हूती के खिलाफ ऑपरेशन में शामिल होगा तुर्की?
वहीं, हूती विद्रोहियों पर एक्शन की बात पर ट्रंप ने संकेत दिया कि वह यमन से जुड़ी कोशिशों में शामिल होने के लिए रेसेप तैयप एर्दोगन से कह सकते हैं। ट्रंप ने कहा, "मैं शायद ऐसा करूं। जैसा कि आप जानते हैं, वह मेरे बहुत अच्छे फ्रेंड हैं और मैं शायद ऐसा करूं। मैं तुर्की के राष्ट्रपति का बहुत सम्मान करता हूं।" जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में तुर्की को शामिल करना चाहते हैं, तो ट्रंप ने यह बात कही। ट्रंप ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि एर्दोगन वही करेंगे जो मैं उनसे कहूंगा।"
ट्रंप ने ईरान को बताया ''फेल हो चुका देश''
इस दौरान, ट्रंप ने ईरान का भी जिक्र किया और कहा कि वह "फेल हो चुका देश" है। साथ ही, ट्रंप ने ये भी इशारा किया कि वह जल्द ही अपने अगले कदमों को लेकर फैसला करेंगे। ट्रंप ने आगे कहा, "ईरान एक फेल हो चुका देश है। उनकी कोई इकोनॉमी नहीं है, वहां महंगाई की दर 300 फीसदी है और उनके पास पैसे नहीं हैं। ईरान अपने सैनिकों को पैसे नहीं दे पा रहा है। ईरान किसी को भी पैसे नहीं दे रहा है। ईरान के बारे में हम बहुत जल्द कोई निर्णय करेंगे।" हालांकि, जब ट्रंप से तेल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "होर्मुज स्ट्रेट पर हमारा कंट्रोल है और होर्मुज से बहुत अधिक तेल आ रहा है।"
हूती का अरामको की फैसिलिटी पर मिसाइल से हमला
गौरतलब है कि ट्रंप की तरफ से ये स्टेटमेंट सऊदी अरब पर जारी हूती हमलों और सऊदी के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को दी गई धमकियों के बीच आए हैं। इस बीच, हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सऊदी में अरामको की सुविधाओं को "सही निशाना" बताया। हूती विद्रोहियों ने बैलिस्टिक मिसाइल से अरामको को निशाना बनाया।
(इनपुट- ANI)
ये भी पढ़ें- हूती हमलों के बीच सऊदी अरब के समर्थन में आया पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने दिया सुरक्षा का भरोसा
Latest World News