1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ‘अमेरिका का खेल खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र भी नहीं बचेगा’, एलन मस्क ने क्यों दी चेतावनी?

‘अमेरिका का खेल खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र भी नहीं बचेगा’, एलन मस्क ने क्यों दी चेतावनी?

एलन मस्क ने चेतावनी दी है कि 2028 में डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति पद समेत कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा किया तो अमेरिका एकदलीय देश बन सकता है और लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने रिपब्लिकन समर्थकों से एकजुट होने की अपील की।

Elon Musk Political Warning, US Midterm Elections 2026- India TV Hindi
Image Source : AP स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क।

Highlights

  • एलन मस्क ने चेताया, 2028 में डेमोक्रेट्स की जीत से अमेरिका का लोकतंत्र खतरे में पड़ेगा।
  • रिपब्लिकन उम्मीदवारों और संगठनों पर मस्क अब तक 442 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च कर चुके हैं।
  • CBS सर्वे में डेमोक्रेट्स को प्रतिनिधि सभा की 229 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

वॉशिंगटन: अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने बड़ा सियासी बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी ने 2028 के चुनाव में प्रतिनिधि सभा, सीनेट और राष्ट्रपति पद, तीनों पर जीत हासिल कर ली तो अमेरिका का राजनीतिक भविष्य बदल सकता है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,'अमेरिका का खेल खत्म हो जाएगा।' उन्होंने इसे देश में लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया।

डेमोक्रेट्स की जीत से क्या होगा? मस्क ने गिनाए 3 खतरे

एलन मस्क ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर 2028 में डेमोक्रेट्स को प्रतिनिधि सभा, सीनेट और राष्ट्रपति पद तीनों पर जीत मिलती है तो वे 3 बड़े कदम उठा सकते हैं। मस्क ने कहा,

'पहला, डेमोक्रेट्स वॉशिंगटन डीसी और प्यूर्टो रिको को अमेरिकी राज्य का दर्जा दे सकते हैं। इससे सीनेट में उनकी मजबूत स्थिति बन सकती है। दूसरा, वे देश की सीमाएं खोलकर अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे सभी लोगों को कानूनी दर्जा दे सकते हैं, ताकि भविष्य में उन्हें स्थायी राजनीतिक बहुमत मिल सके। तीसरा, डेमोक्रेट्स सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ाकर तुरंत अपना बहुमत बना सकते हैं। इन कदमों से अमेरिका की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।'

'अमेरिका एक पार्टी वाला देश बन जाएगा'

मस्क ने दावा किया कि अगर ऐसा हुआ तो अमेरिका स्थायी रूप से एक ही पार्टी के नियंत्रण वाला देश बन जाएगा। उन्होंने कहा, 'इसका नतीजा यह होगा कि अमेरिका एक स्थायी एकदलीय देश बन जाएगा और लोकतंत्र अपने वास्तविक मायने में खत्म हो जाएगा।' उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों से आगामी चुनाव में उसके उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की। मस्क ने कहा कि इस स्थिति को रोकने के लिए 2029 में सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के कम से कम 51 सदस्य होने चाहिए।

मस्क ने बनाया है चंदा देने का रिकॉर्ड

मस्क के बयान ऐसे समय आए हैं, जब वह अमेरिका के राजनीतिक इतिहास में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत राजनीतिक चंदा देने वाले व्यक्ति बनकर उभरे हैं। उन्होंने 3 नवंबर के मध्यावधि चुनाव से पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों और राजनीतिक संगठनों पर 442 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए हैं। 'द हिल' की रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया चुनावी फंडिंग दस्तावेजों से पता चला है कि मस्क ने पिछले एक महीने में अपने संगठन 'अमेरिका PAC' को 76.8 मिलियन डॉलर और दिए हैं। इससे पहले वह रिपब्लिकन उम्मीदवारों और उनसे जुड़े संगठनों के समर्थन में 366 मिलियन डॉलर खर्च कर चुके थे।

2024 के चुनाव के दौरान बनाया था 'अमेरिका PAC'

मस्क ने 2024 के चुनाव के दौरान 'अमेरिका PAC' बनाया था। अक्टूबर में करीब एक सप्ताह के भीतर इस संगठन को नई रकम मिली। मस्क इससे पहले 2024 के चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप और दूसरे रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में 250 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च कर चुके हैं। 'द वॉशिंगटन पोस्ट' के मुताबिक, मस्क ने अपने राजनीतिक चंदे का बड़ा हिस्सा कांग्रेस में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बनाए रखने के लिए खर्च किया है।

सर्वे में डेमोक्रेट्स को बढ़त, 229 सीटें मिलने का अनुमान

इस बीच 25 अक्टूबर को जारी CBS न्यूज के सर्वे में डेमोक्रेटिक पार्टी को प्रतिनिधि सभा के चुनाव में बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। सर्वे के मुताबिक, डेमोक्रेट्स को 229 सीटें मिल सकती हैं। कुछ अनुमानों में उनकी सीटों की संख्या 230 के पार भी जा सकती है। हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी के पास भी सदन में अपना बहुमत बनाए रखने का एक सीमित मौका है। रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेट्स की बढ़त पिछले कुछ हफ्तों से बनी हुई है, लेकिन इसमें कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है। महंगाई और अर्थव्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता मतदाताओं की पसंद को प्रभावित कर रही है। हालांकि, बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिकों को अब भी भरोसा नहीं है कि किसी भी पार्टी के पास उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने की स्पष्ट योजना है।

ट्रंप बोले, 'ईमानदार चुनाव हुए तो नतीजे स्वीकार करूंगा'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 27 अक्टूबर को कहा था कि अगर मध्यावधि चुनाव ईमानदारी से कराए जाते हैं तो वह उनके नतीजों का सम्मान करेंगे। बता दें कि ट्रंप ने वोट चोरी पकड़वाने पर 10 लाख डॉलर या करीब 9.5 करोड़ रुपये का इनाम देने का भी ऐलान किया है। हालांकि, उन्होंने जरूरत पड़ने पर अपने वीटो अधिकार का इस्तेमाल करने की बात भी कही। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा,

'हम कोई रास्ता निकाल लेंगे। मेरे पास वीटो की मजबूत शक्ति है। मुझे उम्मीद है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो पहले भी ऐसा हो चुका है। मैं चुनाव के नतीजे तभी स्वीकार करूंगा, जब चुनाव ईमानदारी से कराए जाएंगे।'

ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट, 37 फीसदी पर पहुंची रेटिंग

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब ट्रंप प्रशासन को आर्थिक चुनौतियों और घटती लोकप्रियता का सामना करना पड़ रहा है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की सितंबर में आई रिपोर्ट के मुताबिक, उसके सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 37 फीसदी रह गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 1990 में इस तरह के सर्वे शुरू होने के बाद मध्यावधि चुनाव से पहले किसी राष्ट्रपति के लिए यह सबसे कम रेटिंग थी। 3 नवंबर को होने वाले चुनाव में प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों का नियंत्रण तय होगा। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX का 1 शेयर देंगे इलॉन मस्क, आगे और भी बड़े ऐलान होने की संभावनाएं

Latest World News