वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में हुई गोलीबारी की घटना ने 45 साल पहले हुई एक बड़ी घटना की यादें ताजा कर दी हैं। दरअसल, शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना हुई। इस दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप समेत अन्य अमेरिकी अधिकारी मौजूद थे। हालांकि, सभी को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया था। लेकिन ऐसा ही एक हमला 45 साल पहले इसी होटल के बाहर हुआ था। तब पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर जानलेवा हमला हुआ था।
पिछले हमले की यादें ताजा
1981 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन हिल्टन से बाहर निकल रहे थे, तभी एक शख्स ने उन पर गोलियां चल दीं। एक गोली जाकर उनके सीने में लगी। उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में एडमिट रहना पड़ा और उनकी जान बच गई। FBI की अर्काइव के मुताबिक, उस समय हमलावर जॉन हिंकली जूनियर था, जिसने छह गोलियां चलाई थीं। इस हमले में रीगन के अलावा प्रेस सचिव जेम्स ब्रैडी, एक पुलिस अधिकारी और एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हो गए थे।
सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने रोनाल्ड रीगन को तुरंत वाहन में बिठाया और उन्हें जॉर्ज वाशिंगटन विश्वविद्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी हुई और वे बच गए। आरोपी जॉन हिंकली जूनियर को घटनास्थल पर गिरफ्तार किया गया था और बाद में पागलपन के कारण उसे दोषी नहीं पाया गया।
45 साल बाद फिर वैसी ही घटना
45 साल बाद फिर हिल्टन होटल में वैसी ही घटना देखने को मिली। हालांकि, इस बार कोई घायल नहीं हुआ। हमलावर को मैग्नेटोमीटर स्कैनिंग के दौरान बैंक्वेट में जाने से रोक दिया गया था और उसने वहीं फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो हथियारों से लैस होकर सिक्योरिटी चेक प्वाइंट की ओर बढ़ा। उसके पास शॉटगन, हैंडगन और चाकू थे। पुलिस के मुताबिक, वह अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। उसने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर गोली चलाई, लेकिन एजेंट बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण सुरक्षित बच गया।
ये भी पढ़ें-
"आज रात गोलियां चलेंगी", ट्रंप पर हमले से पहले प्रेस सचिव ने ऐसा क्यों कहा? घटना के बाद VIDEO हुआ वायरल
व्हाइट हाउस में फायरिंग करने वाला शख्स कौन है? क्या ईरान से भी है कोई संबंध?
Latest World News