1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. व्हाइट हाउस में फायरिंग करने वाला शख्स कौन है? क्या ईरान से भी है कोई संबंध?

व्हाइट हाउस में फायरिंग करने वाला शख्स कौन है? क्या ईरान से भी है कोई संबंध?

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 26, 2026 04:28 pm IST,  Updated : Apr 26, 2026 04:28 pm IST

अमेरिकी समयानुसार शनिवार की देर रात व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया। कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रंप और जेडी वैंस समेत कई अन्य लोग मौजूद थे। वहीं अब फायरिंग करने वाले व्यक्ति से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं।

व्हाइट हाउस में हमला करने वाला शख्स।- India TV Hindi
व्हाइट हाउस में हमला करने वाला शख्स। Image Source : TRUTH SOCIAL/@REALDONALDTRUMP

वाशिंगटन में शनिवार देर रात आयोजित व्हाइट हाउस के वार्षिक प्रेस डिनर के दौरान हमला हो गया। हमले की वजह से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। यहां कार्यक्रम में एक हमलावर ने सुरक्षा चौकी पार करने की कोशिश की और फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसने कई गोलियां चलाईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना के बाद अधिकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उप-राष्ट्रपति जेडी वैंस को सुरक्षित स्थान पर ले गए। इस हमले में ट्रंप और जेडी वैंस बाल-बाल बच गए।

कौन था हमला करने वाला आरोपी?

वहीं हमले के तुरंत बाद हमलावर को सुरक्षा बलों ने काबू में कर लिया और उसे नियंत्रण में ले लिया गया। इस हमले के लेकर ट्रंप ने कहा कि आरोपी "काफी खतरनाक" लग रहा था। सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल एलन के रूप में हुई है, जो टोरेंस, कैलिफोर्निया का रहने वाला है। आरोपी एक शिक्षित ट्यूटर और शौकिया वीडियो गेम डेवलपर है। 'लिंक्डइन' पर पोस्ट की गई एक तस्वीर में एलन कंप्यूटर साइंस में कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, डोमिंगेज हिल्स से मास्टर डिग्री प्राप्त करने के बाद एक टोपी और गाउन में नजर आ रहा है। एलन ने 2017 में पासाडेना स्थित कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। उसने वहां एक ईसाई छात्र संगठन और कैंपस के एक ऐसे समूह में अपनी भागीदारी दर्ज की थी, जो 'नेर्फ गन' (एक प्रकार की खिलौना बंदूक) से मुकाबले करते थे। 

लॉस एंजिलिस के स्थानीय 'एबीसी' चैनल ने कॉलेज के अंतिम वर्ष के दौरान एलन का साक्षात्कार भी प्रसारित किया था। यह खबर बुजुर्गों की मदद के लिए नई तकनीकों पर आधारित थी। एलन ने व्हीलचेयर के लिए एक नए प्रकार के इमरजेंसी ब्रेक का प्रोटोटाइप विकसित किया था। संघीय चुनावी वित्त रिकॉर्ड के अनुसार, एलन ने 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस के समर्थन में डेमोक्रेटिक पार्टी की एक राजनीतिक कार्रवाई समिति को 25 डॉलर का दान दिया था। 

एलन के ऑनलाइन बायोडेटा के अनुसार, वह पिछले छह वर्षों से सी2 एजुकेशन नामक कंपनी में कार्यरत था, जो कॉलेज में प्रवेश की तैयारी करने वाले छात्रों को काउंसलिंग और परीक्षा तैयारी की सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी के फेसबुक पेज पर 2024 की एक पोस्ट में एलन को ''टीचर ऑफ द मंथ'' बताया गया था। हालांकि, शनिवार रात टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का कंपनी ने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। एलन ने यह भी पोस्ट किया था कि उसने 'स्टीम' मंच के लिए आणविक रसायन विज्ञान पर आधारित एक वीडियो गेम विकसित किया है। उसके नाम से की गई एक अन्य पोस्ट में कहा गया था कि वह अंतरिक्ष पर आधारित एक नए ''टॉप-डाउन शूटर'' कॉम्बैट गेम पर काम कर रहा था।

आरोपी का ईरान से कोई संबंध है?

कई लोगों ने हमलावर को ईरान से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन 79 वर्षीय रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस घटना का मध्य पूर्व के देश के साथ चल रहे संघर्ष से कोई संबंध होने की संभावना नहीं है, क्योंकि अधिकारी हमलावर के मकसद का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ट्रंप ने घटना के तुरंत बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "ईरान के खिलाफ युद्ध जीतने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मुझे नहीं पता कि इसका इससे कोई संबंध है या नहीं, जो जानकारी हमारे पास है उसके आधार पर तो मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं लगता।"

ट्रंप ने वीडियो जारी किया, तस्वीर साझा की

इसी बीच, ट्रंप ने हमलावर का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह गोलीबारी करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ता दिख रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि पुलिस एजेंसियों ने हमलावर को काबू में कर लिया है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक अन्य पोस्ट में, उन्होंने हमलावर की एक तस्वीर भी साझा की है जिसमें वह अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद जमीन पर पड़ा है और उसके हाथ पीछे बंधे हुए हैं। ट्रंप ने बाद में त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को धन्यवाद दिया, लेकिन कहा कि कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "पुलिस ने शानदार काम किया। उन्होंने तेजी से और बहादुरी से कार्रवाई की। हमलावर को पकड़ लिया गया है।"

यह भी पढ़ें-

"आज रात गोलियां चलेंगी", ट्रंप पर हमले से पहले प्रेस सचिव ने ऐसा क्यों कहा? घटना के बाद VIDEO हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश