A
Hindi News विदेश अमेरिका UNHRC में भारत की धाक, 2026 से 28 तक सातवें कार्यकाल के लिए निर्विरोध हुआ चुनाव

UNHRC में भारत की धाक, 2026 से 28 तक सातवें कार्यकाल के लिए निर्विरोध हुआ चुनाव

भारत को 2026 से 2028 तक संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में 3 वर्ष के कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया है। भारत का सातवीं बार परिषद के लिए निर्विरोध चयन हुआ है।

United Nations- India TV Hindi Image Source : AP United Nations

न्यूयॉर्क: भारत को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 2026-28 के कार्यकाल के लिए चुना गया है और यह भारत का सातवां कार्यकाल होगा। UNHRC ने मंगलवार को हुए चुनाव के नतीजों की घोषणा करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत का 3 वर्ष का कार्यकाल एक जनवरी, 2026 से शुरू होगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने समर्थन देने के लिए सभी प्रतिनिधिमंडलों का सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में आभार व्यक्त किया। 

क्या बोले UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि?

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा, ‘‘भारत आज सातवीं बार 2026-28 के कार्यकाल के लिए मानवाधिकार परिषद के लिए चुना गया है।’’ राजनयिक ने कहा कि यह चुनाव मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रताओं के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

UNHRC में कितनी है सदस्यों की संख्या?

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में 47 सदस्य देश हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा में समान भौगोलिक वितरण नियमों के तहत तीन साल के कार्यकाल के लिए चुना जाता है। भारत 2006 में परिषद के गठन के बाद से लगातार इसका सदस्य रहा है, सिवाय 2011, 2018 और 2025 के। वर्ष 2006 में परिषद के पहले चुनाव में भारत को 190 में से 173 मत मिले थे और वह सबसे अधिक मतों से निर्वाचित हुआ था। तब से भारत छह बार 2006-2007, 2008-2010, 2012-2014, 2015-2017, 2019-2021 और 2022-2024 में इसका सदस्य रह चुका है। 

इन देशों का भी हुआ चुनाव

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद ने कहा कि अंगोला, चिली, इक्वाडोर, मिस्र, एस्टोनिया, इराक, इटली, मॉरीशस, पाकिस्तान, स्लोवेनिया, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन और वियतनाम एक जनवरी 2026 से शुरू होने वाले कार्यकाल के लिए चुने गए अन्य सदस्य हैं। 

यह भी पढ़ें:

ट्रंप ने इस देश के राष्ट्रपति को दी चेतावनी, बोले- 'अमेरिका के अनुरूप नहीं रही राजनीति तो बंद कर दूंगा...'

पाकिस्तान और तालिबान में जंग, दोनों तरफ से हुई भयंकर गोलीबारी; दागे गए गोले

Latest World News