1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने इस देश के राष्ट्रपति को दी चेतावनी, बोले- 'अमेरिका के अनुरूप नहीं रही राजनीति तो बंद कर दूंगा...'

ट्रंप ने इस देश के राष्ट्रपति को दी चेतावनी, बोले- 'अमेरिका के अनुरूप नहीं रही राजनीति तो बंद कर दूंगा...'

 Published : Oct 15, 2025 12:51 pm IST,  Updated : Oct 15, 2025 01:09 pm IST

अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली अमेरिका के दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान ट्रंप ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति को चेतावनी देते हुए बड़ी बात कही है।

Donald Trump (L) Argentina President Javier Milei (R)- India TV Hindi
Donald Trump (L) Argentina President Javier Milei (R) Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अर्जेंटीना को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगामी चुनावों के बाद उसकी आंतरिक राजनीति अमेरिका के अनुरूप नहीं रही तो वह उसे वित्तीय सहायता नहीं देगा। ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ बैठक के दौरान यह बात कही है। माइली की नीतियां और विचारधारा अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के प्रशासन से मेल खाती हैं। अर्जेंटीना में इस महीने के अंत में चुनाव होने हैं। 

'माइली की विचारधारा से मुश्किल में अर्जेंटीना'

ट्रंप ने माइली के एक अत्यधिक वामपंथी प्रतिद्वंद्वी होने का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा ने अर्जेंटीना को समस्या में डाला है। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना मेरे द्वारा देखे गए सबसे खूबसूरत देशों में से एक है, और हम इसे सफल होते देखना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा कि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति, जो पेशे से अर्थशास्त्री हैं, "पूरी तरह से MAGA" हैं। यह पारंपरिक रूप से उनके चुनावी नारे, "Make America Great Again" को संदर्भित करता है, लेकिन इस बार, इसका अर्थ "Make Argentina Great Again" भी था।

Donald Trump (L) Argentina President Javier Milei (R)
Image Source : APDonald Trump (L) Argentina President Javier Milei (R)

'अमेरिका बर्बाद नहीं करेगा समय'

अमेरिका में राष्ट्रपति पद पर आसीन होने वाले नेता अन्य देशों के लोकतांत्रिक चुनावों में उम्मीदवारों को लेकर आमतौर पर टिप्पणी नहीं करते हैं। इससे इतर ट्रंप ने कहा कि यदि माइली हार जाते हैं तो अमेरिका ब्यूनस आयर्स को उदारता दिखाकर अपना समय बर्बाद नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यदि वह हार जाते हैं तो हम अर्जेंटीना के प्रति उदार नहीं रहेंगे।’’ इस बीच माइली ने कहा कि हम शांतिपूर्ण रास्ता अपना सकते हैं और अर्जेंटीना को समृद्धि का एक सशक्त उदाहरण बना सकते हैं।

अर्जेंटीना में छिड़ा सियासी घमासान

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन का मानना ​​है कि आगामी मध्यावधि चुनावों में माइली का गठबंधन अच्छा प्रदर्शन करेगा और उनके सुधार एजेंडे को जारी रखेगा। डोनाल्ड ट्रंप की माइली से मुलाकात को लेकर अर्जेंटीना में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विपक्ष की नेता और 2 बार राष्ट्रपति रह चुकीं क्रिस्टीना फर्नांडीज डी किर्चनर ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अर्जेंटीना  के लोगों...आप जानते हैं कि क्या करना है!" पूर्व राष्ट्रपति भ्रष्टाचार के आरोप में घर में नजरबंद रहते हुए 6 साल की सजा काट रही हैं। (एपी)

यह भी पढ़ें:

गाजा सीजफायर समझौते के बीच ट्रंप ने हमास को दी चेतावनी, बोले- 'हथियार छोड़ने होंगे वरना...'

ट्रंप ने पुतिन को अच्छा दोस्त बताते हुए कसा तंज, बोले- 'उन्हें एक हफ्ते में जीत लेनी चाहिए थी जंग'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश