उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के सवालों पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार की समीक्षा पब्लिक कर चुकी है। साथ ही, मौर्य ने 2027 में फिर BJP सरकार बनने का दावा किया और कहा कि सपा की सत्ता में अगले 30 साल तक वापसी नहीं होगी। जानें केशव प्रसाद मौर्य ने और क्या-क्या कहा।
सवाल: सपा प्रमुख अखिलेश यादव कह रहे हैं कि गृह मंत्री को यूपी की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए।
जवाब: केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव, 2012 से 2017 तक आपके शासनकाल में जो गुंडागर्दी, अपराध, माफियागिरी और दंगे हुए, उनकी समीक्षा जनता ने कर ली है। गृह मंत्री ने तो बहुत पहले ही समीक्षा कर ली थी। इसीलिए मैंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंगद के पांव की तरह टिकी है और टिकी रहेगी। 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। आने वाले 30 साल तक सपा आएगी नहीं, भाजपा जाएगी नहीं।
सवाल: अखिलेश यादव कह रहे हैं कि पहले प्रदेश से हटाएंगे, फिर देश से हटाएंगे।
जवाब: केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखें और अपने दोस्त राहुल गांधी को भी दिखा दें। लेकिन न देश में राहुल गांधी आने वाले हैं और न उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव आने वाले हैं। भाजपा थी, भाजपा है और भाजपा रहेगी।
सवाल: सपा के पूर्व सांसद एस. टी. हसन ने भगवान राम को लेकर विवादित बयान दिया है।
जवाब: केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी राम की नहीं, रामद्रोहियों की पार्टी है। समाजवादी पार्टी का कोई नेता ऐसा बयान देता है तो मुझे कोई आश्चर्य नहीं होता। लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में रामभक्त और राष्ट्रभक्त इनका पूरा हिसाब करेंगे। समाजवादी पार्टी को उसकी हैसियत पर ला देंगे और इसकी साइकिल पंचर करके सैफई भेज देंगे।
सवाल: अखिलेश यादव कह रहे हैं कि क्या चुनाव आयोग केवल बीजेपी के सदस्यों को ही भारतीय नागरिक मानता है?
जवाब: केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से मैं उनसे इतना ही कहना चाहता हूं कि नागरिकता का प्रमाणपत्र चुनाव आयोग नहीं, देश का गृह मंत्रालय देता है। वह देश के सांसद हैं और सांसद होने के नाते उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए। लेकिन जो चोरी और सीनाजोरी कर रहे हैं, जो तमाम घुसपैठियों के साथ मिलकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर रहे हैं, उनकी यह साजिश अब कामयाब नहीं होने वाली है। इससे पहले, MLC चुनाव रिजल्ट को लेकर गदगद अखिलेश ने कहा था कि BJP 5 सीटों पर नहीं, 50 जिलों में हारी है।
ये भी पढ़ें- वाराणसी में BJP को झटका, MLC स्नातक सीट भी जीती SP, आशुतोष सिन्हा बोले- "अभी तो ये झांकी है"