अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का संबोधन, बोले- 'मंगलवार को ईरान के खात्मे की रात हो सकती है'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर मंगलवार रात 8 बजे तक होर्मुज नहीं खुला तो ईरान को नरक में भेज दिया जाएगा। दूसरी ओर ईरान भी झुकने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच ट्रंप ने अपने संबोधन में कई अहम बातें कही हैं।

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग भीषण होते जा रही है। ईरान में कयामत आने में बस 24 घंटे बचे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ये साफ कर दिया है कि अगर मंगलवार रात 8 बजे से पहले होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुला तो वो ईरान में तबाही का दरवाजा खोल देंगे। ट्रंप का अल्टीमेटम दुनिया की धड़कनें बढ़ा रहा है। इस बीच अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान ने जंग को खत्म करने के लिए अमेरिका के प्रस्ताव पर 10 प्वाइंट का जवाब भेजा है। दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से दोहराया है कि ईरान के लिए मंगलवार फाइनल डेडलाइन है। सोमवार को ट्रंप ने अपने संबोधन में F-15 के पायलट को बचाने के ऑपरेशन पर भी बयान दिया।
कोई भी ऐसा रेस्क्यू नहीं कर पाता- ट्रंप
सोमवार को अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से F-15 के पायलट को रेस्क्यू किए जाने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि "दुनिया में किसी के भी पास अमेरिका जैसे हथियार नहीं हैं। हम दुश्मन के इलाके में जाकर अपने दोनों पायलट को ले आए। दुनिया में कोई भी ऐसा रेस्क्यू नहीं कर पाता। 200 लोगों ने मिलकर एक सैनिक की जान बचाई है। पायलट बुरी तरह घायल था और फंसा हुआ था। रेस्क्यू की टीम ऐसे ऑपरेशन के लिए पूरी तरह से तैयार थी। पायलट लगातार अपनी लोकेशन बता रहा था। रेस्क्यू के लिए 21 विमान भेजे गए थे, इसमें 48 घंटे का समय लगा। दुश्मन को गुमराह करने के लिए 7 टीमें भेजी गई थीं। ऑपरेशन में हमारे किसी भी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा। पायलट के लापता होने की खबर लीक की गई। हमारे रेस्क्यू प्लान को भी लीक किया गया। हम खबर लीक करने वाले का पता लगा लेंगे।"
ईरान को धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बार फिर से ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि मंगलवार को ईरान के खात्मे की रात हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका पूरे ईरान को एक रात में ही खत्म कर सकता है। ट्रंप ने कहा कि हम ईरान को परमाणु बम नहीं रखने देंगे। ईरान की सत्ता बदल चुकी है।
क्या है ईरान की मांग?
एक अमेरिकी अधिकारी ने जानकारी दी है कि ईरान ने युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर सोमवार को पाकिस्तान के माध्यम से 10-सूत्रीय प्रतिक्रिया भेजी है। इस प्रतिक्रिया में ईरान ने अस्थायी सीजफायर को खारिज कर दिया है और इसके बजाय अपनी शर्तों पर जंग के एक स्थायी समाप्ति की मांग की है। ईरान ने कहा है कि वह सिर्फ सीजफायर के लिए तैयार नहीं है। वह एक स्थायी समाधान चाहता है जिसमें शामिल है- क्षेत्रीय लड़ाई का अंत, प्रतिबंधों से राहत, पुनर्निर्माण का समर्थन, होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित ट्रांजिट के लिए नियम। दूसरी ओर एपी के मुताबिक, ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने बताया है कि ईरान ने लेटेस्ट सीजफायर प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और युद्ध का स्थायी अंत चाहता है।
मंगलवार आखिरी डेडलाइन- ट्रंप
वहीं, दूसरी ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कई अहम बयान दिए। ट्रंप ने कहा है कि मंगलवार ईरान के लिए आखिरी डेडलाइन है। ट्रंप ने बताया है कि ईरान ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा है। यह अच्छा नहीं है लेकिन यह बहुत महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के लोग सक्षम लड़ाके हैं, वे बहुत सख्त लोग हैं। दुश्मन मजबूत है, लेकिन उतना मजबूत नहीं है जितना करीब एक महीने पहले था। वे अभी बिल्कुल भी मजबूत नहीं हैं। ट्रंप ने आगे ये भी कहा कि ईरान में नया शासन पिछले शासन की तुलना में कहीं अधिक स्मार्ट है। उन्होंने कहा कि हमने पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने 45,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है; हम ऐसा नहीं करते।
ईरानी बम की आवाज सुनना चाहते हैं- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि "जब ईरानी लोग बम की आवाज नहीं सुनते तो परेशान हो जाते हैं, वे बम की आवाज सुनना चाहते हैं। ईरान के पास कुछ मिसाइलें बची हैं, कुछ ड्रोन बचे हैं। उनमें कोई क्षमता नहीं है। अगर उनके पास सुलेमानी होता, तो यह बिल्कुल अलग बात होती। शायद हम फिर भी जीत रहे होते, लेकिन यह कठिन होता। ट्रंप ने आगे ये भी कहा कि हम अभी ईरान छोड़ सकते हैं, लेकिन मैं इसे खत्म करना चाहता हूं। अगर मेरे पास विकल्प होता तो मैं क्या करना चाहता? उनका तेल ले लेता। दुर्भाग्य से, अमेरिकी लोग हमें घर आते देखना चाहेंगे।" रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि आप उन अमेरिकियों को क्या कहना चाहेंगे जो युद्ध के प्रशंसक नहीं हैं? इस पर ट्रंप ने कहा कि वे लोग मूर्ख हैं।
ये भी पढ़ें- ईरान ने मिसाइलों पर लिखा Stupid Trump, इजरायल पर किए हमले; देखें VIDEO
इधर सीजफायर की चर्चा उधर अमेरिका और इजरायल ने बम बरसा दिया; ईरान में 25 से ज्यादा लोगों की हुई मौत