A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप को लगा कोर्ट से झटका, जज के फैसले से हार्वर्ड विश्वविद्यालय को मिली राहत; जानें पूरा मामला

ट्रंप को लगा कोर्ट से झटका, जज के फैसले से हार्वर्ड विश्वविद्यालय को मिली राहत; जानें पूरा मामला

हार्वर्ड विश्वविद्यालय को कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। हार्वर्ड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आदेश को कोर्ट में चुनौती दी थी जिसमें कहा गया था कि विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों को दाखिला देने की अनुमति देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हार्वर्ड विश्वविद्यालय मामले में लगा झटका- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हार्वर्ड विश्वविद्यालय मामले में लगा झटका

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। एक संघीय न्यायाधीश ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय आने वाले विदेशी छात्रों के अमेरिका में प्रवेश पर राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगाए गए प्रतिबंध पर अस्थायी रोक लगा दी है। इससे पहले ट्रंप ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ने के इच्छुक लगभग सभी विदेशी छात्रों का देश में प्रवेश रोकने के लिए एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।

हार्वर्ड ने दायर की थी याचिका

हार्वर्ड ने संघीय न्यायाधीश से ट्रंप के आदेश पर रोक लगाने का अनुरोध करते हुए एक याचिका दायर की थी। संस्थान ने इसे व्हाइट हाउस की मांगों को अस्वीकार करने के कारण हार्वर्ड के खिलाफ प्रतिशोध की भावना से किया गया कार्य कहा था। हार्वर्ड ने अपनी याचिका में यह भी कहा था कि राष्ट्रपति पिछले अदालती आदेश को दरकिनार करने का प्रयास कर रहे हैं। हार्वर्ड ने अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों की सुरक्षा करने की बात भी कही थी। 

ट्रंप ने किया क्या था? 

बता दें कि, डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए थे जिसमें घोषणा की गई थी कि हार्वर्ड को मैसाचुसेट्स के कैम्ब्रिज स्थित अपने परिसर में विदेशी छात्रों को दाखिला देने की अनुमति देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होगा। ट्रंप ने आदेश में लिखा था, ‘‘मैंने यह तय किया है कि विदेशी नागरिकों के वर्ग का प्रवेश अमेरिका के हितों के लिए हानिकारक है क्योंकि मेरे विचार में हार्वर्ड के आचरण ने इसे विदेशी छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए अनुपयुक्त गंतव्य बना दिया है।’’ 

यह भी जानें

इस पूरे मामले में ट्रंप ने एक व्यापक संघीय कानून का हवाला दिया था जो राष्ट्रपति को उन विदेशियों को रोकने का अधिकार देता है जिनका प्रवेश ‘अमेरिका के हितों के लिए हानिकारक’ हो सकता है। ट्रंप के हार्वर्ड संबंधी आदेश में कई अन्य कानूनों का भी हवाला दिया गया था जिनमें आतंकवादी संगठनों से जुड़े विदेशियों पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून भी शामिल है। (एपी) 

यह भी पढ़ें:

दोस्त दोस्त ना रहा! कैसे ट्रंप और मस्क के रिश्तों में पड़ गई दरार, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

रूस ने यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से किया घातक हमला, लिया ऑपरेशन स्पाइडर वेब का बदला

Latest World News