डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी सीधी धमकी- समझौता करो, वरना खत्म कर देंगे; UN से अलग-थलग करने की अपील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण दिया। ट्रंप के भाषण में अमेरिका की ताकत और दुनिया में बदलाव लाने के लिए उसके इस्तेमाल पर फोकस रहा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले से ज्यादा ताकतवर हुआ है। साथ ही उन्होंने ईरान को खत्म करने की सीधी धमकी दी। बता दें कि UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के भाषण से जनरल डिबेट की औपचारिक शुरुआत हुई। इसके बाद ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने भाषण दिया और अब मेजबान देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोल रहे हैं। महासभा हॉल में 193 देशों के प्रतिनिधि मौजूद हैं।
हमारी दुनिया में खाई बढ़ती जा रही हैं- UN महासचिव
इससे पहले UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपना विदाई भाषण दिया। महासचिव के तौर पर यह उनका आखिरी UN महासभा संबोधन था। भाषण की शुरुआत में गुटेरेस ने कहा कि “हमारी दुनिया में खाई बढ़ती जा रही हैं।'' UN प्रमुख ने कहा कि महाशक्तियों को यह समझना होगा कि "उनकी ताकत उतनी भी 'सुपर' नहीं है" और सिर्फ सैन्य ताकत से शांति कायम नहीं की जा सकती।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के लिए ट्रंप ने क्या मैसेज दिया?
इससे पहले जब ट्रम्प न्यूयॉर्क स्थित UN मुख्यालय में 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने पहुंचे तब उन्होंने पत्रकारों से भी बात की। उन्होंने कहा, ''संयुक्त राष्ट्र में आना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम आगे बढ़ रहे हैं और हमारा देश बहुत अच्छा कर रहा है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के लिए संदेश के बारे में उन्होंने कहा, "युद्ध खत्म करें।"
Live updates : UN में राष्ट्रपति ट्रंप का भाषण Highlitghts
-
September 22, 2026 8:40 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'अमेरिका ने ईरान की ताकत कम कर दी'
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि अमेरिका ने ईरान की ताकत कम कर दी है। ईरान अब पहले जैसा ताकतवर नहीं रहा। ईरान मिडिल ईस्ट का दबंग था, लेकिन अब वह ऐसा नहीं रहा। वहीं, क्यूबा को लेकर कहा, क्यूबा की सरकार जल्द गिर जाएगी। इसके बाद क्यूबा का डेलिगेशन UN महासभा हॉल से उठकर बाहर जाता हुआ नजर आया।
-
September 22, 2026 8:31 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की अपील
ईरान को खत्म करने की धमकी देने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की अपील की। ट्रंप ने कहा कि अगर यह रणनीति काम करती है तो तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आएगी। उन्होंने UN के सदस्य देशों से ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने में साथ देने को कहा। ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान को लेकर एक बड़ा फैसला लेना है, लेकिन यह फैसला शायद अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ईरान चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहा है।
-
September 22, 2026 8:29 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'US ने ईरान को मिसाइल शील्ड की आड़ में परमाणु बम बनाने से रोका'
अमेरिका ने ईरान को बैलिस्टिक मिसाइल शील्ड की आड़ में परमाणु बम बनाने की कोशिश से रोका है। अगर वे कामयाब हो जाते हैं, तो वह दुष्ट शासन हमेशा के लिए आतंक और मौत फैलाने के लिए आजाद हो जाता। वॉशिंगटन ने ईरान को आतंक फैलाने से रोकने के लिए कदम उठाए हैं- ट्रंप
-
September 22, 2026 8:25 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'दूसरे शांति की बात करते रहे, मैंने शांति कायम की'
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि युद्ध के दौरान दूसरे नेता शांति की बात करते रहे, लेकिन उन्होंने शांति कायम करने के लिए कदम उठाए। उन्होंने कहा, ''दूसरे बात करते रहे, मैंने कार्रवाई की। दूसरे शांति की बात करते रहे, मैंने शांति कायम की। दूसरे खतरों को नजरअंदाज करते रहे, मैंने उनका सामना किया।''
-
September 22, 2026 8:24 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
ट्रंप ने ईरान को दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को खत्म करने की सीधी धमकी दी है। उन्होंने कहा, “मेरे सामने एक बड़ा फैसला है। अमेरिका के पास दो रास्ते हैं- ईरान के साथ समझौता करना या उसे खत्म कर देना।" ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह काम जल्दी करना ताकि उसे फिर से लोगों और देशों को नुकसान पहुंचाने का मौका न मिले।
-
September 22, 2026 8:20 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'मैंने यूरोप को ईरानी हमले से बचाया'
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान से लड़ाई लगभग खत्म हो चुकी है। उनका मकसद परमाणु हथियार बनाने से रोकना था। ट्रंप ने कहा, ''ईरान यूरोप पर हमला करने वाला था। मैंने यूरोप को ईरानी हमले से बचाया। ईरान कमजोर और बेचैन हैं। मैं जल्दी युद्ध खत्म करूंगा।''
-
September 22, 2026 8:15 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'US ने सेना पर 1.5 ट्रिलियन डॉलर खर्च किया'
अमेरिका ने अपनी सेना पर पिछले 12 महीनों में पहले से कहीं ज्यादा पैसा खर्च किया है। इस बार यह खर्च 1.5 ट्रिलियन डॉलर होगा। एक नई एनर्जी और बहुत ज्यादा ताकत वाले संयुक्त राज्य अमेरिका की दौलत, ताकत, जज्बे और रफ्तार से पूरी दुनिया आगे बढ़ रही है- ट्रंप
-
September 22, 2026 8:10 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'अमेरिका में अपराध का स्तर कम हुआ'
डोनाल्ड ट्रंप ने परंपरा के मुताबिक UN में अपना भाषण विदेश नीति से शुरू नहीं किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले अपनी आर्थिक नीतियों का जिक्र किया और पिछली अमेरिकी सरकार की आलोचना की। ट्रंप ने अपने भाषण की शुरुआत अमेरिका आए वैश्विक प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने अमेरिका की कथित तौर पर फिर से मजबूत हुई स्थिति की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने अपनी इमिग्रेशन नीतियों की तारीफ की और कहा कि अमेरिका में अपराध का स्तर कम हुआ है।
-
September 22, 2026 8:04 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
अमेरिकी इकोनॉमी से दुनिया जलती है- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने UN में अपना भाषण शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “मुझे गर्व है कि मैं बता सकता हूं कि अमेरिका वापस मजबूत स्थिति में है और आज हमारा देश पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर है। मैंने अमेरिका को सबसे पावरफुल मुल्क बनाया, अमेरिकी इकोनॉमी से दुनिया जलती है।”
-
September 22, 2026 7:57 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
पद छोड़ने के बाद भी UN के लिए लड़ता रहूंगा- गुटेरेस
अपने आखिरी भाषण में कहा गुटेरेस, “दुनिया को कमजोर UN की जरूरत नहीं है। उसे ऐसे मजबूत UN की जरूरत है, जो आज की दुनिया की सच्चाई का सामना कर सके और दुनिया को बेहतर बनाने के लिए काम करे। 1 जनवरी को पद छोड़ने के बाद भी UN चार्टर के मूल सिद्धांतों के लिए काम करता रहूंगा। मैं कभी हार नहीं मानूंगा।
-
September 22, 2026 7:41 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
दुनिया के सामने कई बड़े खतरे- UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस
UN की जनरल डिबेट जारी है। UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के भाषण से जनरल डिबेट की औपचारिक शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय एक साथ कई बड़े खतरों का सामना कर रही है।