A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जयशंकर ने UNGA से इतर अपने कई समकक्षों के साथ की द्विपक्षीय बैठक, रणनीतिक और वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

जयशंकर ने UNGA से इतर अपने कई समकक्षों के साथ की द्विपक्षीय बैठक, रणनीतिक और वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर दुनिया भर के अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें की हैं। इन बैठकों में रणनीतिक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई है।

S Jaishankar UNGA Bilateral Meetings- India TV Hindi
Image Source : @DRSJAISHANKAR S Jaishankar UNGA Bilateral Meetings

न्यूयॉर्क: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र से इतर दुनिया भर के अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें की हैं। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय घटनाक्रमों और वैश्विक संघर्षों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर इन बैठकों के बारे में जानकारी साझा की है। 

नीदरलैंड और डेनमार्क के विदेश मंत्रियों के साथ हुई चर्चा

न्यूयॉर्क में नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील के साथ बैठक में जयशंकर ने ‘‘यूरोप की रणनीतिक स्थिति और भारत के दृष्टिकोण के बारे में गहन बातचीत’’ की। उन्होंने डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ‘‘यूरोप में हालिया घटनाक्रमों और जारी यूक्रेन संघर्ष पर उनके विचार की सराहना की। दोनों मंत्रियों ने डेनमार्क की अध्यक्षता में यूरोपीय संघ परिषद और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों एवं सहयोग पर भी चर्चा की।'' श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ के साथ जयशंकर ने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। 

लगातार चला विदेश मंत्री की बैठकों का सिलसिला

विदेश मंत्री जयशंकर ने मॉरीशस के विदेश मंत्री रितेश रामफुल से भी मुलाकात की और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम की भारत की हालिया राजकीय यात्रा के बाद की कार्रवाई पर चर्चा की। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील के साथ बैठक में, जयशंकर ने मालदीव के विकास के लिए भारत का समर्थन दोहराया। लेसोथो के विदेश मंत्री लेजोन मपोटजोआना, सूरीनाम के मेल्विन बौवा, सोमालिया के विदेश मंत्री अब्दिसलाम अली, सेंट लूसिया के अल्वा बैप्टिस्ट और जमैका की कामिना जे स्मिथ के साथ अलग-अलग बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने जमैका के विदेश मंत्री के रूप में दोबारा नियुक्त किए जाने पर स्मिथ को बधाई दी और भारत-जमैका साझेदारी को मजबूत करने के प्रति आशा व्यक्त की। 

डीपी वर्ल्ड के ग्रुप चेयरमैन और सीईओ से मिले जयशंकर

जयशंकर ने समान विचारधारा वाले ‘ग्लोबल साउथ’ देशों की उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन के साथ भी बातचीत की। अपने मंत्रिस्तरीय कार्यक्रमों के अलावा जयशंकर ने दुबई स्थित बहुराष्ट्रीय ‘लॉजिस्टिक्स’ कंपनी डीपी वर्ल्ड के ग्रुप चेयरमैन और सीईओ सुल्तान अहमद बिन सुलेयम से मुलाकात की और ‘‘अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में वर्तमान विकास और सम्पर्क एवं साजो सामान पर उनके प्रभावों’’ पर चर्चा की। 

जयशंकर विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में हुए शामिल

जयशंकर ने यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की एक अनौपचारिक बैठक में भाग लिया, जिसकी मेजबानी यूरोपीय संघ के विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की उच्च प्रतिनिधि काजा कल्लास ने की थी। जयशंकर ने कहा कि इस बैठक ने ‘बहुपक्षवाद, भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी, यूक्रेन संघर्ष, गाजा, ऊर्जा और व्यापार पर विचारों के मुक्त आदान-प्रदान’ का अवसर प्रदान किया। विदेश मंत्री 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

डोनाल्ड ट्रंप ने अब लंदन के मेयर सादिक खान को लपेटा, बोले- 'लागू करना चाहते हैं शरिया'

'ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार चाहिए तो...' फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताई तरकीब

Latest World News