A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में शटडाउन खत्म होने के आसार नहीं, ट्रंप के उदासीन रुख से और बढ़ी मुश्किल

अमेरिका में शटडाउन खत्म होने के आसार नहीं, ट्रंप के उदासीन रुख से और बढ़ी मुश्किल

अमेरिका में शटडाउन खत्म होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। यहां हालात चिंताजनक बने हुए हैं। अब इस चिंता को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने और बढ़ा दिया है। ट्रंप शटडाउन से पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रहे हैं।

America Shutdown- India TV Hindi
Image Source : AP America Shutdown

America Shutdown: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सरकार के शटडाउन को समाप्त करने के लिए समझौते की कोशिशों में कोई खास तत्परता नहीं दिखा रहे हैं। इस बीच डेमोक्रेटिक पार्टी का कहना है कि जब तक ट्रंप सीधे हस्तक्षेप नहीं करेंगे तब तक कोई समाधान संभव नहीं है। 3 सप्ताह से हालात जस के तस बने हुए हैं। कांग्रेस ठप है और सीनेट में भी कोई प्रगति नहीं हो रही। सदन में एक महीने से कोई सत्र आयोजित नहीं हुआ है और सांसद कोई प्रगति ना होने से हताश होकर वाशिंगटन से निकल गए हैं। 

ट्रंप नहीं दे रहे ध्यान

रिपब्लिकन नेता तब तक बातचीत से इनकार कर रहे हैं जब तक अल्पकालिक वित्त पोषण विधेयक पारित नहीं होता, जबकि डेमोक्रेट स्वास्थ्य बीमा सब्सिडी पर आश्वासन चाहते हैं। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप फिलहाल किनारे रहते हुए अन्य मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं, जैसे इजरायल-हमास संघर्ष विराम और रूस-यूक्रेन युद्ध। 

ट्रंप प्रशासन क्या कर रह है?

माना जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन ने असामान्य तरीके से शटडाउन से निपटने की योजना बनाई है, जिसमें सैनिकों को वेतन देना जारी रखा गया है जबकि अन्य सरकारी कर्मचारियों की छंटनी की गई है। इन कदमों को लेकर अदालत में कानूनी चुनौतियां भी दी गई हैं।

Image Source : apDonald Trump

ट्रंप नहीं करेंगे पहल?

डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर और हकीम जेफ्रीज ने कहा कि रिपब्लिकन गंभीरता से बातचीत नहीं कर रहे, जबकि बर्नी सैंडर्स और एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज ने ट्रंप से सीधे दखल की मांग की है। बहरहाल, रिपब्लिकन नेतृत्व नहीं चाहता कि ट्रंप हस्तक्षेप करें, ताकि डेमोक्रेट भविष्य में इसे उदाहरण ना बना लें। ट्रंप ने भी यही रुख अपनाया है और संकेत दिए हैं कि फिलहाल वह व्यक्तिगत रूप से कोई पहल नहीं करेंगे। 

कब शुरू हुआ था शटडाउन?

अमेरिका में शटडाउन एक अक्टूबर को तब शुरू हुआ था जब डेमोक्रटिक पार्टी के सदस्यों ने अल्पकालिक वित्तीय सहायता के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और मांग करते हुए कहा कि विधेयक में ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ के तहत स्वास्थ्य बीमा के लिए संघीय रियायत का विस्तार शामिल किया जाए। फिलहाल, शटडाउन को लेकर अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ता दिख रहा है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ट्रंप और जेलेंस्की की मुलाकात से पहले रूस ने यूक्रेन में किया भीषण हमला, छा गया घना अंधेरा

डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को फिर दी चेतावनी, बोले- 'रक्तपात नहीं रोका तो मारने के अलावा...'

Latest World News