A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप का पर्ल हार्बर वाला जवाब, वो पल जब असहज हो गईं जापान की पीएम सानाए ताकाइची; देखें VIDEO

ट्रंप का पर्ल हार्बर वाला जवाब, वो पल जब असहज हो गईं जापान की पीएम सानाए ताकाइची; देखें VIDEO

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कुछ ऐसा किया कि जापानी पीएम सानाए ताकाइची असहज हो गईं। इसका वीडियो भी सामने आया। चलिए जानते हैं कि हुआ क्या था।

डोनाल्ड ट्रंप (R) जापानी पीएम सानाए ताकाइची (L) - India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप (R) जापानी पीएम सानाए ताकाइची (L)

Trump Pearl Harbor Reply: जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची अमेरिका के दौरे पर हैं। व्हाइट हाउस में जापानी प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार के सवाल का ट्रंप ने कुछ ऐसा जवाब दिया कि पीएम ताकाइची असहज हो गईं। ताकाइची ने सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया तो नहीं दी लेकिन उनके चेहरे के हाव-भाव और भावनाओं से उनकी असहजता साफ झलक रही थी। 

ट्रंप का जवाब और असहज हो गईं जपानी पीएम

यह घटना तब हुई जब ट्रंप पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान एक जापानी पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि अमेरिका ने ईरान पर हमला करने से पहले जापान सहित यूरोप और एशिया के अपने सहयोगियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। इस पर ट्रंप ने कहा, “देखिए, एक बात तो यह है कि आप बहुत ज्यादा संकेत नहीं देना चाहते। जब हम गए, तो हम बहुत जोरदार तरीके से गए। हमने किसी को इसके बारे में नहीं बताया क्योंकि हम उन्हें चौंकाना चाहते थे।” इसके तुरंत बाद ट्रंप ने 1941 के जापानी हमले का हवाला देते हुए कहा, “सरप्राइज के बारे में जापान से बेहतर कौन जानता है, ठीक है? आपने मुझे पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं बताया? आप सरप्राइज में हमसे कहीं ज्यादा विश्वास रखते हैं। हमें भी उन्हें चौंकाना था और हमने ठीक वैसा ही किया।”

पर्ल हार्बर हमले के बारे में जानें

ट्रंप जिस पर्ल हार्बर हमले का जिक्र कर रहे थे वह 7 दिसंबर 1941 को हुआ था। उस दिन जापान ने पर्ल हार्बर स्थित अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर अचानक हमला बोल दिया था। इस हमले में 2000 से अधिक अमेरिकी सैनिक और नागरिक मारे गए थे। अगले ही दिन अमेरिका ने जापान के खिलाफ जंग का ऐलान किया था और द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल हो गया। युद्ध अगस्त 1945 में तब खत्म हुआ था जब अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर परमाणु बम गिराए थे। इसके बाद सितंबर 1951 में अमेरिका और जापान के बीच शांति संधि पर हस्ताक्षर हुए, जिसके बाद से दोनों देश मजबूत सहयोगी बनकर साथ आए हैं। 

जापान ने किया ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा का विरोध

मुलाकात के दौरान जापानी प्रधानमंत्री ताकाइची ने ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं के प्रति जापान के विरोध को प्रमुखता से उठाया। दुभाषिए के माध्यम से बात करते हुए, उन्होंने ट्रंप की 'वैश्विक शांतिदूत' के तौर पर बनी छवि का हवाला देते हुए कहा, "इन तमाम परिस्थितियों के बावजूद, मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि केवल आप ही 'डोनाल्ड ट्रंप' पूरी दुनिया में शांति स्थापित कर सकते हैं।"

यह भी पढ़ें:

ईरान की सरकारी मीडिया ने जारी किया नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो, तारीख का पता नहीं

इजरायल ने किया हमला, लाइव कवरेज के दौरान रिपोर्टर को छू कर निकली मौत, वीडियो में देखें कैसे गिरी मिसाइल

Latest World News