1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर क्या महसूस करते हैं ट्रंप? व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने बताई सच्चाई

भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर क्या महसूस करते हैं ट्रंप? व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने बताई सच्चाई

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने बताया है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और अमेरिका के संबंधों को लेकर क्या महसूस करते हैं। चलिए जानते हैं कि लेविट ने क्या कहा है।

White House Press Secretary Karoline Leavitt- India TV Hindi
Image Source : AP White House Press Secretary Karoline Leavitt

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर बहुत सकारात्मक महसूस करते हैं। लेविट ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य से जुड़े सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मेरा मानना है कि राष्ट्रपति इस बारे में बहुत सकारात्मक और दृढ़ महसूस करते हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि कुछ हफ्ते पहले उन्होंने दिवाली के अवसर पर ओवल ऑफिस में कई वरिष्ठ भारतीय-अमेरिकी अधिकारियों के साथ मुलाकात की थी और उस दौरान प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) से फोन पर बात भी की थी।’’ 

कैरोलीन लेविट ने क्या कहा?

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने यह भी कहा कि भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर बेहतरीन प्रतिनिधि हैं, जो वाशिंगटन का बहुत अच्छी तरह प्रतिनिधित्व करेंगे। लेविट ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति और उनकी व्यापारिक टीम संबंधित विषय पर भारत के साथ गंभीर चर्चा कर रही है। राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती रहती है।’’ 

ट्रंप ने पीएम मोदी को किया फोन

बता दें कि, पिछले महीने ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दिवाली समारोह की मेजबानी की थी, जिसमें अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा, कई प्रमुख भारतीय-अमेरिकी कारोबारी नेता और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल हुए थे। ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन पर दिवाली की शुभकामनाएं भी दी थीं। इस पर पीएम मोदी ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि भारत और अमेरिका दोनों मिलकर दुनिया को आशा की किरण से आलोकित करते रहेंगे तथा आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहेंगे।

भारत और अमेरिका के बीच हुआ रक्षा समझौता

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में भारत और अमेरिका ने रक्षा क्षेत्र में अगले 10 वर्षों के लिए सहयोग संबंधी एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता कुआलालंपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ के बीच हुई बैठक में किया गया था। हाल के दिनों में भारत और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण नजर आए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

जोहरान ममदानी के बाद एक और भारतवंशी का जलवा, वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं गजाला हाशमी

VIDEO: अमेरिका में हुआ भयानक विमान हादसा, एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही क्रैश हुआ प्लेन; 3 की मौत

Latest World News