जोहरान ममदानी ने किया ट्रंप का विरोध, वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को बताया Act Of War
वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई पर न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने नाराजगी जताई है। ममदानी ने राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधते हुए इसे है एक्ट ऑफ वॉर बताया है।
Zohran Mamdani Opposed US Military Action Against Venezuela: न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे फोन पर बात की है। ममदानी ने निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की अमेरिकी सेना द्वारा की गई गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध जताया है। ममदानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन किया और इस कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है।
ममदानी ने क्या कहा?
ममदानी ने कहा कि उन्होंने इसे एक संप्रभु राष्ट्र पर एकतरफा हमला और एक्ट ऑफ वॉर बताया है। ममदानी ने कहा, "मैंने अपना विरोध दर्ज कराया। मैंने अपनी बात साफ-साफ कही और बात वहीं खत्म हो गई।" उन्होंने ट्रंप के जवाब के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।
'मंजूरी के बिना सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं'
बता दें कि, अमेरिकी सेना ने शनिवार की सुबह वेनेजुएला में बड़ा सैन्य अभियान चलाया, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को अब न्यूयॉर्क में हिरासत में रखा गया है, जहां उन पर नारको-टेररिज्म, कोकीन तस्करी और हथियारों से संबंधित आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। इस बीच अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने भी ट्रंप प्रशासन की इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने मादुरो को 'अवैध तानाशाह' बताते हुए कहा कि वास्तविकता यह है कि किसी भी राष्ट्रपति को कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।
राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं ट्रंप
कृष्णमूर्ति ने कहा कि कांग्रेस की अनुमति के बिना कार्रवाई करके और एक संप्रभु राष्ट्र पर नियंत्रण का दावा करके ट्रंप राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा, किसी हताहत की स्थिति और पूरी घटना की तत्काल जानकारी कांग्रेस को दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यह कदम कानून के शासन को कमजोर करता है, मॉस्को और बीजिंग को अन्य क्षेत्रों में अपनी सीमाएं बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करता है, अमेरिका की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है और अमेरिकी नागरिकों को असुरक्षित बनाता है।
यह भी पढ़ें:
इटली की PM मेलोनी ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले को बताया जायज, जानें रूस और चीन ने क्या कहा
