1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शादी को अभी 3 महीने भी नहीं हुए थे, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलते मिले शव

शादी को अभी 3 महीने भी नहीं हुए थे, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलते मिले शव

मुजफ्फरपुर में रविवार की रात नवविवाहित जोड़े के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। शादी के 3 महीने बाद ही नवदंपति की मौत हो जाने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। शवों को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

नवविवाहित जोड़े की...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नवविवाहित जोड़े की फाइल फोटो।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियारपुर नवादा गांव में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शादी के महज 3 महीने बाद नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी का शव एक कमरे में और पति का शव दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

शादी के बाद पहली बार मायके आई थी नवविवाहिता

मृतकों की पहचान नरियार निवासी अनिल सहनी की पुत्री अंजलि कुमारी और सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के हरसेर गांव निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। विजय मुंबई में काम करता था। शादी के बाद अपनी पत्नी अंजलि को लेकर मुंबई गया था। एक महीना वहां रहने के बाद के बाद 30 जून को मुजफ्फरपुर आया था।

अंजलि पहली बार मायके आई थी और शनिवार को उसका पति विजय भी उससे मिलने ससुराल पहुंचा था।

रात में हुआ विवाद, सुबह मिली दोनों की लाश 

परिजनों के अनुसार, रविवार रात खाना खाने के बाद पति-पत्नी अपने कमरे में सोने चले गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद अंजलि ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी को इस हालत में देखकर विजय सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि उसने पहले जहर खाया और फिर दूसरे कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। जब घरवालों ने देखा तो दोनों अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

हत्या या आत्महत्या? 

घटना की सूचना पर मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। FSL की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। लड़के पक्ष के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। विजय के भाई का कहना है कि उसकी भाभी ने खुदकुशी की, जिसके बाद उसके परिवार वालों ने भाई की हत्या की और फिर उसे फंदे से लटका दिया। वहीं, पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

DSP ने क्या कहा?

पश्चिमी डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि नरियारपुर नवादा गांव के वार्ड संख्या-10 स्थित घर के अलग-अलग कमरों में दंपती के शव दुपट्टे के फंदे से लटके मिले हैं। दोनों कमरों से फंदा बरामद किया गया है। एफएसएल टीम ने मौके की जांच की है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

बता दें कि 10 दिन पहले बिहार के बगहा से भी ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

फेसबुक से हुआ प्यार, दरोगा ने मंदिर में रचाई शादी, बनाया शारीरिक संबंध, अब साथ रहने से किया इनकार

पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति का गला रेता, सिर धड़ से अलग कर 5 किमी दूर फेंका; 5 आरोपी गिरफ्तार