1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पति को बिहार से बंगाल बुलाया, पत्नी ने ब्यॉयफ्रेंड के साथ गला रेतकर सिर किया धड़ से अलग, 5 आरोपी गिरफ्तार

पति को बिहार से बंगाल बुलाया, पत्नी ने ब्यॉयफ्रेंड के साथ गला रेतकर सिर किया धड़ से अलग, 5 आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jul 17, 2026 08:49 pm IST,  Updated : Jul 17, 2026 09:00 pm IST

बंगाल के बागडोगरा में हंसखोया चाय बागान में मिली बिना सिर वाली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। साथ ही, कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। एक पति की बेरहमी से हुई हत्या के मामले में सात साल से चल रहे एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर का खुलासा हुआ है।

 बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को मार डाला- India TV Hindi
बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को मार डाला Image Source : REPORTER

किशनगंजः बिहार के किशनगंज जिले से जुड़ा एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के उदगाड़ा निवासी मोहम्मद इमाम की पश्चिम बंगाल के बागडोगरा इलाके में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पहले उन्हें झांसे में बुलाया, फिर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए सिर धड़ से अलग कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बागडोगरा के हंसखोवा चाय बागान के सेक्शन-9 में चाय पत्ती तोड़ रहे मजदूरों को खून से लथपथ सिर कटा शव मिला। सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शव का सिर गायब होने से मामला और भी रहस्यमय बन गया।

गला रेत कर सिर 5 किमी दूर ले जाकर फेंका

पुलिस ने महज दो दिनों की जांच में इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी मोमिना बेगम, उसके प्रेमी सुदीप पाल, सुदीप के दो भतीजों निताई पाल और बापी पाल और उनके दोस्त कौशिक नाथ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पूरा राज उगल दिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया। यह बरामदगी फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबाड़ी गांव की एक सुनसान जगह से हुई, जो शव मिलने वाली जगह से करीब पांच किलोमीटर दूर है।

सात साल से चल रहा था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम और सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से विवाहेतर संबंध थे। जब इमाम को इस रिश्ते की भनक लगी और उन्होंने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उन्हें हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। योजना को अंजाम देने के लिए सुदीप ने अपने दो भतीजों और एक दोस्त को भी शामिल कर लिया। बताया जा रहा है कि सोमवार को सुदीप ने किशनगंज में मौजूद इमाम को फोन कर झाड़-फूंक के बहाने करीब 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा बुलाया। रात में उनकी निर्मम हत्या कर दी गई और पहचान मिटाने के लिए सिर काटकर अलग स्थान पर फेंक दिया गया।

15 साल पहले शादी हुई, 4 बच्चे पैदा हुए

मृतक के बड़े भाई अख्तर ने बताया कि इमाम पेशे से तांत्रिक थे। दो लोग बाइक पर बैठाकर उन्हें झाड़-फूंक के बहाने ले गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और अगले दिन उनका सिर कटा शव मिलने की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि मोमिना बेगम और सुदीप पाल के अवैध संबंधों की जानकारी इमाम को हो गई थी, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। अख्तर ने बताया कि इमाम और मोमिना की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बेटे हैं। परिजनों ने सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।

इससे पहले अभी हाल में ही किशनगंज के विशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रिजवान आलम हत्याकांड का खुलासा किया था। रिजवान की हत्या उसकी पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की थी

रिपोर्ट-राजेश दुबे, किशनगंज

ये भी पढे़ेः 'करंट लगाकर अधमरा किया, फिर तार से गला घोंटकर हत्या', पटना में विवाहिता की बेरहमी से हत्या का आरोप

पति की हत्या के 7 साल बाद उप प्रमुख अनु कुमारी ने की दूसरी शादी, ससुर ने लगाए गहने ले जाने के आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।