मुंबई: कॉमेडियन कपिल शर्मा इस वक्त सुनील ग्रोवर के साथ हुए विवाद की वजह से चर्चा में हैं। एक के बाद एक कपिल के शो के कलाकार शो छोड़ रहे हैं। सुनील ग्रोवर ने शो करने से मना किया तो उनके साथ अली असगर और चंदन प्रभाकर ने भी शो छोड़ दिया। कपिल किसी तरह उनकी कमी पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।
कपिल के इस मुश्किल दौर में उनके सपोर्ट में आए हैं कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक। कृष्णा ने एक बॉलीवुड वेबसाइट से बात करते हुए कपिल का समर्थन करते हुए कहा है, ‘सभी दोस्तों में लड़ाईयां होती हैं। कपिल और सुनील भी अच्छे दोस्त हैं। मुझे नहीं पता कि क्या कपिल ने शराब पी थी और कब दोनों का झगड़ा हुआ लेकिन मैं यह जरूर कह सकता हूं कि यह दो दोस्तो के बीच की सामान्य लड़ाई थी। दोनों करीब 4 साल से साथ काम कर रहे हैं, ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन जब लगातार इन सब मामले में बात की जाती है और इस पर खबरें बनने लगती हैं तो चीजें बड़ी हो जाती हैं। जबकि वास्तव में बात उतनी बड़ी होती नहीं है।‘’
कृष्णा ने यह भी कहा, ‘’मेरा और कपिल का कोई झगड़ा नहीं है। मैं और कपिल दोनों एक दूसरे की इज्जत करते हैं। हमारे बीच छोटे-मोटे विवाद हुए हैं लेकिन हमने कभी भी एक-दूसरे की बेइज्जती नहीं की है। मैंने कभी कपिल को किसी की बेइज्जती करते नहीं देखा है। कपिल कभी पर्सनल और प्रोफेशनल चीजों को मिक्स नहीं करते हैं। मुझे नहीं पता कि कपिल के बारे में लोग ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं।‘’
आपको बता दें कृष्णा अभिषेक उन चंद लोगों में शामिल हैं जो कपिल और सुनील के इस विवाद में कपिल का साथ दे रहे हैं। वरना ज्यादातर लोगों ने कपिल का साथ छोड़कर सुनील का हाथ थाम लिया है। कपिल के फैंस भी उनसे नाराज हो गए हैं।
ये भी पढ़ें:
Latest Bollywood News